इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के शुरू होने में सिर्फ दो दिन का समय बाकी है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार (26 मार्च) को पिछले सीजन की फाइनलिस्ट चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। पिछली बार महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली सीएसके ने बाजी मारी थी लेकिन इस बार केकेआर अपने नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में उस हार का बदला लेना चाहेगी।
मैच से पहले हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में वानखेड़े स्टेडियम पर आतंकी हमले होने की बात कई गई। लेकिन देर शाम मुंबई पुलिस की तरफ से बयान जारी कर ऐसे किसी भी तरह के खुफिया जानकारी से इन्कार किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
इससे पहले रिपोर्ट्स में महाराष्ट्र एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) की तरफ से एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करने की बात कही गई थी। इसके मुताबिक, एटीएस ने गुरूवार को कुछ आतंकियों को पकड़ा है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान खुलासा किया है कि उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम, खिलाड़ियों के होटल और दो स्थानों को जोड़ने वाले मार्ग की रेकी की थी।
आतंकी हमले के खतरे को ध्यान में रखते हुए अब स्टेडियम के आस-पास की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्यूआरटी, स्पेशल फोर्सेज और एसपीआरएफ को 26 मार्च से 22 मई तक पूरे टूर्नामेंट के दौरान तैनात किया जाएगा।
आईपीएल में इस बार 70 लीग मुकाबले होने हैं और ये सभी मैच मुंबई और पुणे के चार स्थानों पर खेले जाएंगे। इसमें मुंबई का वानखेड़े और ब्रेबॉर्न, नवी मुंबई का डीवाई पाटिल स्टेडियम और पुणे का महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम शामिल है।