आईपीएल की नई टीम गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। उसने मंगलवार (10 मई) को लखनऊ सुपर जाएंट्स को 62 रनों से हरा दिया। इस मैच में गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन ओपनर शुभमन गिल ने बनाए। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए। शुभमन ने अपनी पारी के दौरान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के एक अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शुभमन पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बावजूद एक भी छक्का नहीं लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
शुभमन ने पारी की शुरुआत की और गुजरात के अन्य बल्लेबाजों द्वारा खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें अंत तक विकेट पर टिकना पड़ा। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। इस दौरान शुभमन का स्ट्राइक रेट 128.57 का रहा। शुभमन का इस आईपीएल में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। शुभमन ने 12 मैचों में 384 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 34.91 और स्ट्राइक रेट 137.14 का रहा। उनके बल्ले से चार अर्धशतक निकले हैं।
सचिन तेंदुलकर की बात करें तो उन्होंने 13 साल पहले एक ऐसी पारी खेली थी जब 20 ओवर तक बल्लेबाजी करने के बावजूद उनके बल्ले से एक भी छक्का नहीं निकला था। उन्होंने 18 अप्रैल 2009 को तेंदुलकर ने चेन्नई सुपरकिंग्स के 49 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए थे। उनके बल्ले से सात चौके निकले थे। तेंदुलकर का स्ट्राइक रेट 120.40 का था। मुंबई की टीम ने चेन्नई को हराया था।
केपटाउन में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 165 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई की टीम सात विकेट पर 146 रन ही बना सकी थी। चेन्नई की टीम यह मचै 19 रनों से हार गई थी। तेंदुलकर की उस पारी के दौरान शुभमन गिल की उम्र 10 साल भी नहीं थी। गुजरात का यह बल्लेबाज अभी 22 साल का है। हालांकि, तेंदुलकर की तरह ही शुभमन ने 49 गेंद खेले और सात ही चौके लगाए। हालांकि, रन के मामले में वो आगे निकल गए।