कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : Amar Ujala Graphics
मैच के टर्निंग प्वाइंट्स
1. रहाणे और नीतीश राणा की साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता का पहला विकेट 17 रन के स्कोर पर गिर गया था। एक बार फिर इस टीम का टॉप ऑर्डर फेल होने की कगार पर था, लेकिन अजिंक्य रहाणे और नीतीश राणा ने ऐसा नहीं होने दिया। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। रहाणे एक छोर पर खड़े रहे, जबकि राणा ने तेजी से रन बनाए।
2. उमरान के तीन विकेट ने कोलकाता को रोका
पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाने वाली कोलकाता की टीम तेजी से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी। रहाणे एक छोर पर खड़े थे और राणा दूसरे छोर पर तेजी से रन बना रहे थे। इसके बाद उमरान मलिक ने पहले नीतीश राणा और फिर रहाणे को आउट करके कोलकाता की टीम को रोका। बाद में कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट निकाल उन्होंने कोलकाता के मध्यक्रम को सस्ते में निपटा दिया। उन्होंने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। उमरान ने 18 रन के अंदर कोलकाता को तीन झटके न दिए होते तो यह टीम 200 से ज्यादा का स्कोर बना सकती थी।
3. रसेल और बिलिंग्स के बीच तूफानी साझेदारी
कोलकाता के मध्यक्रम के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए थे और अंत में आंद्रे रसेल और बिलिंग्स पर तेजी से रन बनाने का दारोमदार था। रसेल ने ऐसा ही किया और 28 गेंद में 49 रन बनाए। 11.3 ओवर में कोलकाता की आधी टीम 94 रन बनाकर पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद रसेल और बिलिंग्स ने 63 रन जोड़कर अपनी टीम का स्कोर 157 तक पहुंचाया। अंत में रसेल ने और तेजी से रन बनाकर कोलकाता का स्कोर 177 तक पहुंचाया।
4. उमेश-रसेल की शानदार गेंदबाजी
उमेश यादव और आंद्रे रसेल ने कोलकाता के लिए शानदार गेंदबाजी की। पहले उमेश ने हैदराबाद के बल्लेबाजों को बांधकर रखा फिर रसेल ने कप्तान विलियम्सन को आउट कर हैदराबाद को मुश्किल में डाल दिया। विलियम्सन के आउट होने के बाद कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और हैदराबाद की टीम बिखर गई। रसेल ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट निकाले।
5. उमेश ने मार्करम को आउट कर पलटा मैच
हैदराबाद की टीम चार विकेट पर 99 रन बना चुकी थी और एडेन मार्करम के साथ वॉशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके शशांक सिंह को भी बल्लेबाजी के लिए आना था। ये तीनों बल्लेबाज मिलकर हैदराबाद को मैच जिता सकते थे, लेकिन उमेश ने मार्करम को बोल्ड कर अपनी टीम की जीत तय कर दी। उनके आउट होने के बाद हैदराबाद सिर्फ 24 रन बना पाई।
कैसा रहा दोनों कप्तानों का प्रदर्शन
इस मैच में दोनों टीमों के कप्तान बल्ले के साथ कुछ खास नहीं कर सके। अय्यर ने नौ गेंद में 15 रन बनाए तो विलियम्सन 17 गेंद में नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। फील्डिंग के दौरान अय्यर ने ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने अपने गेंदबाजों का सही इस्तेमाल किया और कोलकाता के हर गेंदबाज ने अच्छी गेंदबाजी की। उमेश से पावरप्ले में गेंदबाजी कराने के बाद उन्हें बीच के ओवरों में श्रेयस ने गेंद थमाई और उमेश ने क्रीज पर जमे मार्करम को आउट किया। वहीं, विलियम्सन ने उमरान मलिक का अच्छा इस्तेमाल किया, लेकिन उनके पास रसेल को रोकने के लिए कोई तरीका नहीं था। इसी वजह से उनकी टीम हार गई।
कोलकाता के लिए कैसा रहा मैच
सकारात्मक पक्षः करो या मरो के मुकाबले में टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। मुंबई के बाद हैदराबाद के खिलाफ भी टीम ने जीत हासिल की। बल्लेबाजी में रसेल, बिलिंग्स, राणा और रहाणे ने उपयोगी पारियां खेली। गेंदबाजी में सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। सभी गेंदबाजों ने कंजूसी से रन दिए। रसेल और साउदी ने विकेट भी चटकाए। मैच में कमिंस के जाने की कमी नहीं खली।
नकारात्मक पक्षः एक बार फिर कोलकाता की ओपनिंग जोड़ी फ्लॉप हुई। इस सीजन ओपनिंग जोड़ी का खराब प्रदर्शन कोलकाता की सबसे बड़ी समस्या रहा है। इस मैच में रहाणे और वेंकटेश ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 17 रन जोड़े। टीम का कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। रहाणे, नीतीश राणा, श्रेयस अय्यर, सैम बिलिंग्स अच्छी शुरुआत के बाद आउट हुए और बड़ी पारी नहीं खेल पाए। वहीं, गेंदबाजी मे उमेश यादव अब पावरप्ले में विकेट नहीं ले पा रहे हैं। नरेन और वरुण की स्पिन जोड़ी भी बहुत अच्छी लय में नहीं है। दोनों ने मिलकर सिर्फ दो विकेट लिए।