यह बटलर का 300वां टी-20 मैच भी है। उन्होंने अपने 300वें टी-20 मैच में यह कीर्तिमान हासिल किया। बटलर इस सीजन यानी 15वें सीजन में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। बटलर का यह ओवरऑल आईपीएल में दूसरा शतक है। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी। वहीं, ओवरऑल टी-20 में यह बटलर का तीसरा शतक है।
जोस बटलर ने राजस्थान की पारी के चौथे ओवर में बसिल थंपी की गेंद पर खूब चौके-छक्के लगाए। बटलर ने इस ओवर में 26 रन बटोरे। इसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल हैं। बटलर को जसप्रीत बुमराह ने पारी कते 19वें ओवर में आउट किया।
बटलर आईपीएल में शतक लगाने वाले चौथे इंग्लिश बल्लेबाज हैं। उनसे पहले केविन पीटरसन, बेन स्टोक्स, जॉनी बेयरस्टो ऐसा कर चुके हैं। पीटरसन ने 2012 आईपीएल में, स्टोक्स ने 2017 और 2020 आईपीएल में और बेयरस्टो ने 2019 आईपीएल में शतकीय पारी खेली थी। बटलर पिछले लगातार दो सीजन से शतक जड़ रहे हैं।
बटलर अब तक 300 टी-20 मैचों में करीब 33 की औसत से 7470 रन बना लिए हैं। वहीं, आईपीएल में उन्होंने करीब 37 की औसत से दो हजार से भी ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा है। आईपीएल के अलावा टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बटलर ने 88 मैचों में 34.52 की औसत और 141.16 के स्ट्राइक रेट से 2140 रन बनाए हैं।