इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जेसन रॉय ने मंगलवार को आईपीएल 2022 से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने इसके लिए निजी कारणों का हवाला दिया था। जेसन को इस साल मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीदा था। जेसन ने नहीं खेलने को लेकर एक ट्वीट किया है और इसमें हार्दिक पांड्या के नाम का भी जिक्र किया है।
जेसन रॉय ने ट्वीट में लिखा- सभी को हाई, खासतौर पर गुजरात टाइटंस फैन्स और स्क्वॉड को। भारी दिल से मैंने यह फैसला किया है कि इस साल आईपीएल नहीं खेलूंगा। मैं गुजरात टाइटंस के मैनेजमेंट और कप्तान हार्दिक पांड्या को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने मुझपर भरोसा जताया और ऑक्शन में मुझे खरीदा। हालांकि, पिछले तीन सालों से इस दुनिया में जो कुछ हो रहा है, उसने मुझपर प्रभाव छोड़ा है।
जेसन ने लिखा- मुझे लगता है कि फिलहाल अपने परिवार के साथ मुझे समय बिताने की जरूरत है। इसके साथ ही मैं खुद पर अपने गेम को सुधारने पर अगले कुछ महीने ध्यान दूंगा। यह साल हमारे लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। मैं गुजरात टाइटंस का सभी मैच देखूंगा और उन्हें पूरे टूर्नामेंट में सपोर्ट करूंगा। मैं उन्हें पहली आईपीएल ट्रॉफी उठाते हुए देखना चाहता हूं।
जेसन रॉय के अलावा गुजरात ने मोहम्मद शमी, मैथ्यू वेड और लोकी फर्ग्यूसन जैसे खिलाड़ियों को भी खरीदा। गुजरात ने इस साल हार्दिक, राशिद खान और शुभमन गिल को रिटेन किया था। इस साल आईपीएल का 15वां संस्करण 26 मार्च से 29 मई तक मुंबई और पुणे के कई स्टेडियम में खेला जाएगा। 10 टीमों को दो-दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया है। इनके बीच ग्रुप में 70 मैच खेले जाएंगे।
गुजरात को ग्रुप-बी में चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के साथ रखा गया है। इसके अलावा ग्रुप ए में मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीमें होंगी।