सनराइजर्स हैराबाद ने आईपीएल 2022 के 36वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स को हरा दिया। इस जीत के साथ हैदराबाद की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। मुकाबले में टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीता। अब तक सिर्फ तेज गेंदों से अपना नाम कमाने वाले उमरान ने आरसीबी के खिलाफ सही लाइन पर गेंदबाजी की और एक विकेट भी लिया। इस दौरान उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 13 रन दिए। उमरान मैच में एक रिकॉर्ड बना दिया।
उमरान एक आईपीएल मैच में सबसे ज्यादा डॉट गेंद करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 19 गेंदों पर एक भी रन नहीं दिए। एक मैच में सबसे ज्यादा डॉट गेंद करने के मामले में अमित मिश्रा, भुवनेश्वर कुमार और राशिद खान के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इन तीनों के नाम एक मैच 18-18 डॉट गेंद करने का रिकॉर्ड था। उमरान ने शाहबाज अहमद का विकेट लेकर सनराइजर्स को बड़ी सफलता दिलाई। शाहबाज इस सीजन में लगातार उपयोगी पारी खेल रहे थे और आरसीबी को मुश्किल से निकाल रहे थे।
एक मैच में सबसे ज्यादा डॉट गेंद करने वाले खिलाड़ी
| गेंदबाज |
खिलाफ |
साल |
डॉट गेंद |
| उमरान मलिक |
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर |
2022 |
19 |
| अमित मिश्रा |
राजस्थान रॉयल्स |
2013 |
18 |
| भुवनेश्वर कुमार |
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर |
2014 |
18 |
| राशिद खान |
मुंबई इंडियंस |
2018 |
18 |
उमरान ने सात में से पांच मैचों में लिए विकेट
उमरान मलिक ने इस सीजन के सात मैचों में अब तक 10 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले मैच में 39 रन देकर दो विकेट लिए थे। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 39 रन देकर एक विकेट, कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 27 रन देकर दो विकेट, पंजाब किंग्स के खिलाफ 28 रन देकर चार विकेट और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 13 रन देकर एक विकेट लिए हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी।
हैदराबाद ने लगातार पांच मैच सात या उससे ज्यादा विकेट से जीते
उमरान के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद भी शानदार फॉर्म में है। टीम ने पिछले पांच मैचों को रन चेज करते हुए जीता है। उसने चेन्नई सुपरकिंग्स को आठ, गुजरात टाइटंस को आठ, कोलकाता नाइटराइडर्स को सात, पंजाब किंग्स को सात और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को नौ विकेट से हराया है। आईपीएल में कोई भी टीम लगातार तीन से ज्यादा मैच सात या उससे ज्यादा विकेट से नहीं जीती है।