आईपीएल के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च से होने वाला है। मुंबई के तीन और पुणे के एक स्टेडियम में लीग राउंड के सभी 70 मुकाबले खेले जाएंगे। कोरोना के कारण आईपीएल 2020 का आयोजन यूएई में हुआ था। उसके बाद 2021 में टूर्नामेंट भारत में तो शुरू हुआ, लेकिन समाप्त यूएई में हुआ। कोरोना के कारण बीच में ही सीजन को रोका गया था और दूसरा चरण यूएई में आयोजित हुआ था। इस बार बीसीसीआई ने सावधानी बरतते हुए देश के दो शहरों में ही ज्यादा मैच कराने का प्लान बनाया है। टूर्नामेंट में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। 10 सवालों के जरिए हम आपको उसके बारे में बता रहे हैं।
1. आईपीएल कब और कहां शुरू होगा?
मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स उद्घाटन मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स से खिलाफ उतरेगी। पहला मैच 26 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। करीब सात बजे टॉस होगा और 7:30 बजे से मैच शुरू होगा। इस बार सीजन में कुल 12 डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) हैं। डबल हेडर के दिन पहला मुकाबला दोपहर 3:30 और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
2. इस बार 10 टीमों के आने के बाद आईपीएल का फॉर्मेट क्या है?
आईपीएल 2020 में 10 टीमें दिखाई देंगी। लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटन्स पहली बार हिस्सा लेने के लिए तैयार है। 10 टीमों को लीग राउंड के लिए 5-5 के दो ग्रुपों में बांटा गया है। आईपीएल की दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम अलग-अलग ग्रुप में हैं। सभी टीमें 14 मैच खेलेंगी। इस तरह लीग राउंड में कुल 70 मैच आयोजित होंगे। अपने ग्रुप में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। इसके बाद दूसरे ग्रुप की टीम एक टीम के खिलाफ दो और चार टीम के खिलाफ उन्हें एक मैच खेलने हैं।
उदाहरण- चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने ग्रुप में चार टीमों के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी। इसके अलावा ग्रुप-ए की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो मैच और अन्य चार टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलने होंगे। इस तरह चेन्नई के 14 लीग मैच हो जाएंगे।