अफगानिस्तान के नुर अहमद बाएं हाथ के युवा स्पिनर हैं। उन्हें इस बार की नीलामी में लीग की नई टीम गुजरात टाइटंस ने उनकी 30 लाख की बेस प्राइस पर खरीदा। इसके साथ ही 17 साल 42 दिन के नुर अहमद इस साल की नीलामी में बिकने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए।
दक्षिण अफ्रीका के युवा क्रिकेटर और बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस इस बार के दूसरे सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। 18 वर्षीय ब्रेविस को मुंबई इंडियंस ने 20 लाख की उनकी बेस प्राइस की 15 गुना कीमत पर अपने साथ जोड़ा। ब्रेविस दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और गेंदबाजी में स्पिन भी कर लेते हैं। ब्रेविस ने इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप में 500 से अधिक रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ दी टूर्नामेंट बने थे। उन्होंने इस दौरान दो शतक और एक अर्धशतक भी लगाया था।
अनीश्वर गौतम को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 लाख की उनकी बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा। अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे अनीश्वर की उम्र 19 साल और 29 दिन है। कर्नाटक के ऑलराउंडर अनीश्वर बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं।
हिमाचल प्रदेश के युवा क्रिकेटर राज अंगद बावा ने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में धमाल मचाया था। उन्होंने अपने ऑलराउंड खेल से सभी को प्रभावित किया और सुर्खियां बटोरी। 19 साल के इस ऑलराउंडर को पंजाब किंग्स ने उनकी 20 लाख की बेस प्राइस के बदले दो करोड़ में खरीदा। बावा के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने बल्ले से 162 रन की नाबाद पारी खेली थी और फाइनल में पांच विकेट चटकाए थे।
अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान यश ढुल को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। ढुल ने हाल ही में वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ा था। उन्हें उनकी 20 लाख की बेस प्राइस के बदले में 50 लाख रुपये मिले।