आईपीएल की नई फ्रेंचाइजी लखनऊ ने एंडी फ्लावर को टीम का कोच नियुक्त किया है। फ्लावर जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान रह चुके हैं। इससे पहले वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के असिस्टेंट कोच के पद पर भी रह चुके हैं। बीसीसीआई ने इसकी घोषणा की, क्योंकि नई फ्रेंचाइजी को फिलहाल कोई घोषणा करने की इजाजत नहीं दी गई है।
गोयनका ने एंडी की तारीफ की
लखनऊ टीम के मालिक संजीव गोयनका ने कहा कि खिलाड़ी और कोच के तौर पर एंडी ने काफी शानदार प्रदर्शन किया है। हम उनका सम्मान करते हैं और उम्मीद है कि वह टीम को आगे ले जाने में मदद करेंगे। अब यह भी उम्मीद की जा रही है कि लखनऊ फ्रेंचाइजी केएल राहुल को भी अपनी टीम से जोड़ेगी। इससे राहुल और एंडी एक बार फिर साथ आ जाएंगे।
राहुल और एंडी साथ काम कर सकते हैं
दोनों ने पंजाब में रहते भी एकसाथ काम किया है। राहुल कप्तान थे और एंडी असिस्टेंट कोच थे। कोच नियुक्त होने के बाद एंडी ने कहा कि मैं लखनऊ फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए काफी उत्साहित हूं। मुझे मौका देने के लिए भी मैं फ्रेंचाइजी का आभारी हूं। मैंने पहली बार 1993 में भारत का दौरा किया था।
एंडी ने लखनऊ फ्रेंचाइजी को धन्यवाद दिया
एंडी ने कहा- अपने पहले दौरे से लेकर अब तक मुझे यहां खेलना, यहां आना और कोचिंग करना बेहद पसंद है। भारत में खेल को लेकर जुनून अतुलनीय है। आईपीएल फ्रेंचाइजी की कोचिंग करना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस फ्रेंचाइजी के साथ काम करके मैं टीम को कामयाबी की ओर ले जाऊंगा।
जल्द ही दोनों फ्रेंचाइजी नामों का एलान करेगी
इससे पहले लखनऊ और अहमदाबाद दोनों नई टीमों को 25 दिसंबर तक का समय दिया गया था। इन दोनों फ्रेंचाइजी को पहले की आठ टीमों द्वारा रिलीज किए गए खिलाड़ियों में से तीन-तीन खिलाड़ी चुनने हैं। हालांकि, इस पर फिलहाल रोक लगाई गई है। लखनऊ फ्रेंचाइजी आईपीएल की सबसे महंगी टीमों में से एक है। उसे गोयनका ग्रुप ने 7090 करोड़ रुपये में खरीदा।