ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली का मानना है कि भारत के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली अपने दिमाग को तरोताजा रखने के लिए कुछ दिन क्रिकेट से ब्रेक ले सकते हैं। आईपीएल 15 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में आरसीबी को राजस्थान रॉयल्स ने सात विकेट से हरा दिया था।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज से जब कोहली के फॉर्म के बारे में पूछ गया तो उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से उनकी फॉर्म एक चिंता का विषय है। मैं चाहता हूं कि वह रन बनाए। उन्होंने कहा कि अगर कोहली रन बनाते हैं तो टीम अच्छा करती है। 2016 में हमने देखा कि कोहली ने आईपीएल में शानदार तरीके से बल्लेबाजी की थी। उस वक्त उन्होंने 900 से ज्यादा रन किए थे और टीम फाइनल तक पहुंची थी।
भारत के पूर्व कप्तान ने पिछले तीन साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई शतक नहीं बनाया है। आईपीएल के इस सत्र में 16 मैच में 22.73 की औसत से 341 रन बनाए हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कहा कि हो सकता है कि कोहली के लिए अभ्यास में वापस जाना और कुछ चीजों पर काम करने का मौका हो। क्रिकेट से आराम करने पर भी उन्हें फायदा मिल सकता है।
इससे पहले भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री समेत कई दिग्गज खिलाड़ी कोहली को ब्रेक लेने की सलाह दे चुके हैं। कोहली को इस साल आरसीबी ने रिटेन किया था। वह आईपीएल के पहले सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए ही खेल रहे हैं। हालांकि, उनकी टीम कभी खिताब नहीं जीत पाई है।