उनके अलावा स्पोर्ट्स मसाज थेरेपिस्ट चेतन कुमार, टीम डॉक्टर अभिजीत साल्वी, सोशल मीडिया कंटेंट टीम मेंबर अकाश माने भी कोरोना संक्रमित मिले। बताया जा रहा है कि ये सभी फीजियो पैट्रिक फारहार्ट के संपर्क में आए थे, जो 15 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वहीं, चेतन 16 अप्रैल को संक्रमित पाए गए। मार्श समेत बाकी लोग 18 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
16 अप्रैल के बाद से दिल्ली टीम के सभी खिलाड़ियों और स्टाफ की हर रोज जांच की जा रही है। सभी की आरटी-पीसीआर टेस्टिंग की जा रही है। 19 अप्रैल को हुए चौथे राउंड की जांच में बाकी बचे खिलाड़ियों और स्टाफ की रिपोर्ट निगेटिव आई। इससे तय हो गया कि यह मैच स्थगित नहीं किया जाएगा और मुंबई में ही मैच होगा। 20 अप्रैल को मैच से पहले एक बार फिर सभी खिलाड़ियों और स्टाफ की जांच होगी।
बीसीसीआई के कोरोना प्रोटोकॉल के मुताबिक, बायो-बबल में मौजूद सभी खिलाड़ियों और स्टाफ की हर पांचवें दिन जांच की जा रही है। पिछले साल हर तीसरे दिन जांच होती थी। हालांकि, फ्रेंचाइजियों को भी छूट दी गई है कि अगर वह अपने खिलाड़ियों की हर रोज जांच करवाना चाहते हैं, तो वे ऐसा करवा सकते हैं। भारत में भी पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामले बढ़े हैं।
कोरोना के मामले सामने आने पर क्या प्रोटोकॉल हैं?
- आईपीएल के कोरोना प्रोटोकॉल के मुताबिक, बायो-बबल में संक्रमित पाए गए खिलाड़ी को कम से कम सात दिन आइसोलेट रहना होगा।
- बबल में वापसी के लिए उसे लगातार दो आरटी-पीसीआर टेस्ट में निगेटिव आना होगा। ये टेस्ट 24 घंटे के अंतराल पर लिए जाएंगे।
- अगर फ्रेंचाइजी में एक से ज्यादा कोरोना के मामले हैं, तो टीम 12 खिलाड़ियों के स्क्वॉड में रहते भी मैदान पर उतर सकती है। इसमें सात भारतीय और एक सब्सटिट्यूट खिलाड़ी शामिल हैं।
- अगर स्क्वॉड में 12 खिलाड़ी भी नहीं हैं, तो इस पर आखिरी फैसला आईपीएल मैनेजमेंट लेगा।
पिछले सीजन भी सामने आए थे कई मामले
पिछले सीजन भी 29 मैचों के बाद कई टीमों में कोरोना के मामले सामने आए थे। इसके बाद मई में इस टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया था।
- आईपीएल के 14वें सीजन यानी पिछले सीजन कई खिलाड़ी, कोच और अन्य स्टाफ संक्रमित पाए गए थे।
- सबसे पहले कोलकाता के वरुण चक्रवर्ती और संदीप वॉरियर कोरोना की चपेट में आए थे।
- इसके बाद कोलकाता और बैंगलोर के मैच को टाल दिया गया था। इसके बाद दिल्ली की टीम को क्वारंटीन किया गया था।
- दिल्ली के अमित मिश्रा भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वहीं, चेन्नई के बॉलिंग कोच लक्ष्मीपति बालाजी और सनराइजर्स हैदराबाद के ऋद्धिमान साहा भी कोरोना पॉजिटिव आए थे।
- इतने मामले सामने आने के बाद आईपीएल को स्थगित कर दिया गया था। 14वें सीजन के बाकी बचे हुए 31 मैच सितंबर-अक्तूबर में यूएई में कराए गए थे।