दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स
- फोटो : Amar Ujala Graphics
1. वॉर्नर का शून्य पर आउट होना: पिछले कुछ मैचों में दिल्ली को वॉर्नर की शानदार बल्लेबाजी ने बड़े स्कोर तक पहुंचाया था। हालांकि, पंजाब के खिलाफ वह मैच की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। उनके आउट होने से दिल्ली की टीम मुश्किल में पड़ गई थी।
2. सरफराज-मार्श की साझेदारी: इस मैच में केएस भरत की जगह खेलने उतरे सरफराज खान ने मिशेल मार्श के साथ मिलकर आक्रामक 51 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने 4.5 ओवर में ही 51 रन जोड़ लिए थे। सरफराज ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाए। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल है।
3. लिविंगस्टोन-अर्शदीप ने तीन विकेट झटके: पंजाब के लियाम लिविंगस्टोन ने मैच में गजब की गेंदबाजी की। वॉर्नर को पहली गेंद पर पवेलियन भेजने के अलावा उन्होंने दो और विकेट झटके। लिविंगस्टोन ने ऋषभ पंत और रोवमन पॉवेल जैसे महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा अर्शदीप सिंह ने भी सरफराज, ललित यादव और शार्दुछ ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। ऐसा लग रहा था दिल्ली की टीम 150 रन भी नहीं बना पाएगी।
लियाम लिविंगस्टोन
4. मिशेल मार्श का अर्धशतक: मिशेल मार्श ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। उन्होंने 48 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली और दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मार्श ने आखिरी में कुछ बड़े शॉट लगाए और दिल्ली को 150 के स्कोर तक पहुंचाया। मार्श ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
5. शार्दुल ठाकुर ने एक ओवर में झटके दो विकेट: शार्दुल ठाकुर ने दिल्ली के लिए शुरुआती छह ओवर में गेंदबाजी की और इसी दौरान उन्होंने पंजाब को कुछ महत्वपूर्ण झटके दिए। पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में ठाकुर ने दो विकेट झटके। इस ओवर की चौथी गेंद पर ठाकुर ने सबसे पहले भानुका राजपक्षे (4) को एनरिक नॉर्ट्जे के हाथों कैच करा पंजाब को दूसरा झटका दिया। इसके बाद आखिरी गेंद शिखर धवन को पंत के हाथों कैच करा पंजाब को तीसरा झटका दिया।
जॉनी बेयरस्टो 15 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने इस सीजन सिर्फ दो बार पावरप्ले में विपक्षी टीम के तीन या इससे ज्यादा विकेट झटके हैं। पिछली बार भी दिल्ली ने ऐसा पंजाब किंग्स के खिलाफ ब्रेबोर्न में किया था। उस मैच में पंजाब ने 47 रन पर तीन विकेट गंवाए थे। वहीं, इस मैच में पंजाब ने 54 रन बनाकर तीन विकेट गंवाए।
शार्दुल ठाकुर
6. मयंक अग्रवाल का शून्य पर आउट होना: पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल इस सीजन खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच में उन्हें अक्षर पटेल ने क्लीन बोल्ड किया। उनका आउट होना पंजाब की टीम के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि इसके बाद ज्यादा खिलाड़ी बचे नहीं थे। मयंक के आउट होने पर कोच अनिल कुंबले भी नाखुश दिखे।
7. कुलदीप का लिविंगस्टोन को पवेलियन भेजना: पिछले कुछ मैचों में पंजाब के मध्यक्रम की जान रहे लियाम लिविंगस्टोन इस मैच में सिर्फ तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुलदीप यादव ने पंत के हाथों स्टंप आउट कराया। लिविंगस्टोन ने दिल्ली की पारी के वक्त पंत को स्टंप आउट कराया था। फिर पंत ने लिविंगस्टोन को स्टंप कर बदला ले लिया। यहां से पंजाब के हाथों से मैच निकल चुका था।
पंजाब के कप्तान मयंक और दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत
- फोटो : IPL/BCCI
दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत बल्ले से तो कुछ कमाल नहीं दिखा सके। वे तीन गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। इसमें एक छक्का शामिल है। हालांकि, गेंदबाजी के दौरान पंत ने अपने स्पिनर्स का बखूबी इस्तेमाल किया। यही वजह रही कि अक्षर और कुलदीप दोनों ने दो-दो विकेट झटके।
वहीं, पंजाब के कप्तान मयंक तो बिना खाता खोले आउट हुए। बल्लेबाजी के अलावा फील्डिंग के दौरान उनकी फील्ड सेटिंग शानदार रही। वॉर्नर को पहली ही गेंद पर कैच आउट कराया। वहीं, डेथ ओवर्स में भी मयंक ने सही गेंदबाजों को आक्रमण पर लगाया और दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम
- फोटो : IPL/BCCI