आईपीएल 2022 के 62वें मैच में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 133 रन का स्कोर बनाया। जवाब में गुजरात की टीम ने 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है और शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम को ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (19 मई) के खिलाफ खेलना है। उस मैच को हारने पर भी गुजरात की टीम पहले दो स्थानों पर बनी रहेगी। इसका मतलब है कि टीम को फाइनल में जगह बनाने का एक अतिरिक्त मौका मिलेगा।
गुजरात ने अब तक 13 मैचों में 10 मैच जीते हैं और उसके 20 अंक हैं। वहीं, टीम को सिर्फ तीन मैचों में हार मिली है। वहीं, चेन्नई की यह 13 मैचों में नौवीं हार थी। टीम चार जीत और आठ अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। चेन्नई की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और उसे सीजन का आखिरी मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 मई को खेलना है।
16 ओवर के बाद गुजरात टाइटंस ने तीन विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 48 गेंदों पर 56 रन और डेविड मिलर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को 24 गेंदों पर 17 रन की जरूरत है।
14वें ओवर में 100 के स्कोर पर गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका लगा। मथीशा पथिराना ने गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। पथिराना छह गेंदों पर सात रन बना सके। पथिराना को मिली ये दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने शुभमन को पवेलियन भेजा। 14 ओवर के बाद गुजरात ने तीन विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर एक रन और ऋद्धिमान साहा 42 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। साहा ने आईपीएल करियर का 11वां अर्धशतक लगाया।
12वें ओवर में 90 के स्कोर पर गुजरात को दूसरा झटका लगा। मोईन अली ने मैथ्यू वेड को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वेड 15 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। 12 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 96 रन है। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या पांच रन और ऋद्धिमान साहा 47 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद गुजरात ने एक विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। फिलहाल मैथ्यू वेड 10 गेंदों पर 18 रन और ऋद्धिमान साहा 33 गेंदों पर 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात की टीम लगातार दूसरा मैच जीतने की दहलीज पर खड़ी है।
आठवें ओवर में श्रीलंका के युवा गेंदबाज मथीशा पथिराना गेंदबाजी के लिए आए। उन्हें उनके अनऑर्थोडॉक्स एक्शन के लिए 'जूनियर मलिंगा' के नाम से भी बुलाया जाता है। पथिराना ने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर शुभमन गिल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। शुभमन 17 गेंदों पर 18 रन बना सके। आठ ओवर के बाद गुजरात ने एक विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 27 गेंदों पर 40 रन और मैथ्यू वेड चार गेंदों पर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
सात ओवर के बाद गुजरात ने बिना कोई विकेट गंवाए 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 18 रन और ऋद्धिमान साहा 26 गेंदों पर 40 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
चार ओवर के बाद गुजरात ने बिना कोई विकेट गंवाए 35 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋद्धिमान साहा 17 गेंदों पर 27 रन और शुभमन गिल सात गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और चेन्नई के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दे रहे हैं। इससे पहले तीसरे ओवर में मुकेश की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ ने साहा का आसान कैच छोड़ा था। तब साहा 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
गुजरात के ओपनर्स ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों ने गुजरात की टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। एक ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 12 रन है। साहा ने मुकेश चौधरी के पहले ओवर में तीन चौके लगाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स ने 133 रन बनाए हैं और गुजरात के सामने 134 रन का लक्ष्य रखा है। चेन्नई के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। ऋतुराज ने 53 रन की पारी खेली। उनके अलावा जगदीशन ने 39 और अली ने 21 रन बनाए। कप्तान धोनी इस मैच में फेल रहे। उन्होंने 10 गेंद में सिर्फ सात रन बनाए। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने चार ओवर में 19 रन देकर सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, राशिद खान, साई किशोर और अल्जारी जोशेप को एक-एक विकेट मिला। गुजरात के सभी गेंदबाजों ने कंजूसी से गेंदबाजी की और रन नहीं दिए। इसी वजह से चेन्नई की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।
ऋतुराज गायकवाड़ और मोईन अली ने चेन्नई को खराब शुरुआत से उबारा था, लेकिन बाद में आए बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा सके। ऋतुराज भी अपना अर्धशतक लगाने के बाद तुरंत आउट हो गए। जगदीशन ने भी काफी धीमी बल्लेबाजी की। अंत में धोनी भी कोई कमाल नहीं कर सके। अंतिम पांच ओवरों में चेन्नई की टीम कोई चौका-छक्का नहीं लगा सकी और 20 ओवर में पांच विकेट खोकर सिर्फ 133 रन बना पाई।
महेंद्र सिंह धोनी 10 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें यश दयाल के हाथों कैच कराया। इस मैच में धोनी बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसी वजह से चेन्नई की टीम भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। 19.3 ओवर में चेन्नई का स्कोर पांच विकेट पर 130 रन है।
19वें ओवर में यश दयाल ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने धोनी जैसे दिग्गज बल्लेबाज को कुछ खास नहीं करने दिया और सिर्फ आठ रन दिए। इसी वजह से चेन्नई की टीम बड़े स्कोर की तरफ नहीं जा पा रही है। 19 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 127 रन है।
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम अच्छी शुरुआत की बाद बिखर गई है। ऋतुराज गायकवाड़ के बाद शिवम दुबे भी पवेलियन लौट चुके हैं। दुबे इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। अल्जारी जोशेप ने उन्हें विकेटकीपर साहा के हाथों कैच कराया। अब जगदीशन और धोनी क्रीज पर मौजूद हैं। चेन्नई का स्कोर 18 ओवर के बाद चार विकेट पर 119 रन हो चुका है।
राशिद खान ने चेन्नई की टीम को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ को मैथ्यू वेड के हाथों कैच आउट कराया। ऋतुराज ने 49 गेंद पर 53 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और एक छक्का शामिल था। चेन्नई का स्कोर 16 ओवर के बाद तीन विकेट पर 113 रन हो चुका है।
ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 44 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इसके साथ ही चेन्नई का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। चेन्नई ने 15 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 109 रन बना लिए हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ और एन जगदीसन ने चेन्नई की पारी को संभाला है। दोनों धीमी गति से रन बना रहे हैं, लेकिन विकेट संभाल कर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 13 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 90 रन है।
10 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 73 रन हो चुका है। ऋतुराज गायकवाड़ एक छोर पर जमे हुए हैं, जबकि दूसरे छोर पर जगदीशन उनका साथ दे रहे हैं।
आर साई किशोर ने चेन्नई को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने मोईन अली को राशिद खान के हाथों मिडविकेट पर कैच कराया। अली 17 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 69 रन है।
ऋतुराज गायकवाड़ और मोईन अली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। अली और ऋतुराज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। दोनों के बीच 32 गेंद में 50 रन की साझेदारी हुई। आठ ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 61 रन हो चुका है।
चेन्नई सुपर किंग्स का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। ऋतुराज गायकवाड़ और मोईन अली शानदार लय में दिख रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है और चेन्नई की टीम मजबूत स्थिति में जा रही है।
मोईन अली ने छठे ओवर में राशिद खान की जमकर पिटाई की और उनके ओवर में दो छक्कों की मदद से 17 रन बटोरे। पावरप्ले में चेन्नई ने एक विकेट के नुकसान पर 47 रन बना लिए हैं। ऋतुराज 23 और अली 18 रन बनाकर खेल रहे हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ ने यश दयाल के ओवर में तेजी से रन बनाकर अपनी टीम की वापसी कराई। उन्होंने पांचवें ओवर में 15 रन बटोरे। पांच ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है। ऋतुराज 22 और मोईन अली चार रन बनाकर खेल रहे हैं।
मोहम्मद शमी ने चेन्नई को पहला झटका दिया है। उन्होंने डेवोन कॉनवे को विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच कराया। कॉनवे नौ गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है।
चेन्नई की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने चेन्नई के लिए पारी की शुरुआत की है। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, मिशेल सैंटनर, मोइन अली, एन जगदीसन, शिवम दुबे, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), प्रशांत सोलंकी, सिमरजीत सिंह, मथीशा पथिराना, मुकेश चौधरी।
गुजरात टाइटंस: ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), शुभमन गिल, मैथ्यू वेड, हार्दिक पांड्या (कप्तान), डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, आर साई किशोर, अल्जारी जोसेफ, यश दयाल, मोहम्मद शमी।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। धोनी ने टीम में चार बदलाव किए हैं। रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, ड्वेन ब्रावो और महीस तीक्ष्णा की जगह एन जगदीशन, प्रशांत सोलंकी, मथीसा पाथिराना और मिचेल सैंटनर को टीम में शामिल किया गया है।
मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में चेन्नई के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बहुत ही बेकार रहा था। टीम 97 रन पर सिमट गई थी। धोनी को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज 30 से ज्यादा रन नहीं बना सके था। चेन्नई के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके थे। इनमें से तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए थे। आज चेन्नई के बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा और गुजरात की उम्मीदों पर पानी फेरना होगा।
युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल, कप्तान हार्दिक, मिलर, ऋद्धिमान साहा और राहुल तेवतिया ने सीजन के दौरान टाइटंस की ओर से अच्छी बल्लेबाजी की है और सुपर किंग्स के खिलाफ भी इस लय को जारी रखना चाहेंगे।
अपने पहले ही सीजन में टाइटंस के शानदार प्रदर्शन का श्रेय उसकी मुश्किल हालात में वापसी करने की क्षमता को जाता है। पिछले कुछ मुकाबलों में टाइटंस के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और हार्दिक को अपने बल्लेबाजों से प्रदर्शन में निरंतरता की उम्मीद होगी।
अंक तालिका में नौवें स्थान पर चल रही गत चैंपियन सुपर किंग्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और बाकी बचे दो मैच में प्रतिष्ठा बचाने के इरादे से खेलेगी। टाइटंस ने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 62 रन से जीत दर्ज की थी, जबकि सुपर किंग्स को अपने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
चेन्नई और गुजरात की टीम इस सीजन पहले भी एक मैच में भिड़ चुकी है। तब चेन्नई के कप्तान रवींद्र जडेजा और गुजरात के कप्तान राशिद खान थे। उस मैच में हार्दिक नहीं खेल रहे थे। तब डेविड मिलर और राशिद खान के दम पर गुजरात ने उस मैच में चेन्नई को तीन विकेट से हराया था। उस मैच में मिलर ने नाबाद 94 रन और राशिद ने 21 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली थी।
टाइटंस 12 मैचो में 18 अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही है। अगर गुजरात की टीम रविवार को चेन्नई को हरा देती है तो टीम की शीर्ष दो में जगह लगभग सुनिश्चित हो जाएगी। इसका मतलब होगा कि टीम को फाइनल में जगह बनाने का एक अतिरिक्त मौका मिलेगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2022 के 62वें मैच में आज चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके/CSK) का सामना गुजरात टाइटंस (जीटी/GT) से है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी स्टेडियम में पिछले मैच में सीएसके की टीम को मुंबई के हाथों हार मिली थी। वहीं, गुजरात की टीम ने अपने पिछले मैच में लखनऊ को करारी शिकस्त दी थी। गुजरात की टीम अगर यह मैच जीतती है तो शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर लेगी।