आईपीएल के 18वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया। शनिवार (नौ अप्रैल) को हुए इस मैच में विराट कोहली को आउट दिए जाने को लेकर विवाद हो रहा है। कोहली को डेवाल्ड ब्रेविस की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट दिया गया था। विराट ने इस फैसले को चुनौती देते हुए रिव्यू लिया था, लेकिन थर्ड अंपायर ने भी उन्हें आउट ही करार दिया। कोहली इसके बाद गुस्से में पवेलियन लौट गए।
आरसीबी ने इस फैसले का विरोध जताया है। उसने ट्विटर पर विराट कोहली की तस्वीर शेयर करते हुए एमसीसी के नियमों को लिखा है। आरसीबी ने ट्वीट कर लिखा, ''हम एलबीडब्ल्यू के फैसलों से संबंधित एमसीसी के नियमों को पढ़ रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विराट कोहली बेहतरीन पारी खेलने के बाद इस तरह निराश होकर पवेलियन लौटना पड़ा।'' आरसीबी ने एमसीसी के नियमों को कोहली की तस्वीर पर लिखा। नियम 36.2.2 के मुताबिक, जब गेंद बल्ले और पैड से एक ही समय टकराती है तो उसे बल्ले के साथ ही पहले लगा हुआ माना जाएगा।
विराट 48 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने 19वें ओवर में आश्चर्यजनक तरीके से गेंदबाजी के लिए दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस को बुलाया। ब्रेविस की पहली गेंद विकेट के सामने टप्पा खाकर विराट के बल्ले और पैड से एक साथ टकराई। कोहली गेंद को सामने की ओर पुश करना चाहते थे। ब्रेविस की अपील पर अंपायर ने विराट को आउट करार दिया। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को नहीं पलटा। बैट और पैड से एक ही समय में गेंद के टकराने पर उन्होंने मैदानी अंपायर के फैसले को कायम रखा।
मैच में आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में छह विकेट पर 151 रन बनाए। उसके लिए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 68 रन बनाए। 37 गेंदों की पारी में पांच चौके और छह छक्के लगाए। जवाब में आरसीबी ने 18.3 ओवर में तीन विकेट पर 152 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। 22 साल युवा बल्लेबाज अनुज रावत ने 47 गेंद पर सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। विराट ने 36 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली।