वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन से बाहर होने के अपने फैसले को लेकर बड़ा बयान दिया है। गेल ने कहा कि उनके साथ आईपीएल में पिछले कुछ सालों से ठीक व्यवहार नहीं किया गया और उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। टूर्नामेंट के सबसे बड़े सितारों में एक गेल ने आईपीएल 2022 की नीलामी में हिस्सा नहीं लिया।
क्रिस गेल आईपीएल में तीन टीमों की ओर से खेल चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ उन्होंने सफर की शुरुआत की। फिर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। गेल पिछले कुछ सीजन में अपनी टीम के प्लेइंग-11 से भी बाहर रहे। पिछले साल उन्होंने बायो-बबल में थकान के कारण यूएई में हुए दूसरे चरण में हिस्सा नहीं लिया था।
गेल ने आईपीएल में सबसे ज्यादा छह शतक लगाए हैं। 142 मैचों में उनके नाम 4965 रन हैं। गेल आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सातवें स्थान पर हैं। उन्होंने ब्रिटेन के एक अखबार से बातचीत में कहा, "पिछले कुछ वर्षों से आईपीएल में मेरे साथ ठीक व्यवहार नहीं किया गया है। मैंने सोचा ठीक है आपको वह सम्मान नहीं मिला जिसके आप हकदार थे। इसलिए मैंने इसे वैसे ही छोड़ दिया। क्रिकेट के बाद हमेशा जीवन होता है। इसलिए मैं नॉर्मल होने की कोशिश कर रहा हूं।''
क्रिस गेल भले ही इस साल आईपीएल में नहीं खेल रहे हो, लेकिन उन्होंने अगले सीजन की तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है। गेल ने कहा, "मैं अगले साल वापसी करूंगा। आईपीएल को मेरी जरूरत है। मैं टूर्नामेंट में कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और पंजाब किंग्स की ओर खेल चुका हूं। मैं आरसीबी या पंजाब में से किसी एक टीम के लिए खिताब जीतना चाहता हूं। आरसीबी के लिए मेरा सफर शानदार रहा है। वहीं, पंजाब के लिए काफी सफल रहा हूं। मुझे चुनौतियां पसंद हैं। आगे देखिए क्या होता है।''
गेल ने पिछली बार वेस्टइंडीज टीम के लिए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अबू धाबी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला था। साथ ही उन्होंने आखिरी बार टी20 क्रिकेट बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) 2022 में 18 फरवरी को खेला था।