हालांकि, हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले जडेजा ने कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया, ताकि वह अपने खेल पर ध्यान दे सकें। जडेजा की कप्तानी में चेन्नई ने आठ में से छह मैच हारे थे। यही वजह रही कि धोनी को वापस कप्तान बनाकर लाया गया और पहले ही मैच में सीएसके ने हैदराबाद को शिकस्त दे दी।
चेन्नई की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। फैन्स ने धोनी की कप्तान के तौर पर वापसी और चेन्नई की जीत को शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया। लोगों ने दोनों की कप्तानी की तुलना भी की। धोनी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उनकी कप्तानी में सीएसके की टीम चार बार चैंपियन बनी है।
आईपीएल 2022 के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 13 रन से हराकर सीजन में अपनी तीसरी जीत हासिल की। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 202 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 189 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 99 रन की पारी खेली।