योजनाओं को लागू करना होगा
टीम के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड मानते हैं कि आगे अगर उनके गेंदबाज पूर्व निर्धारित योजनाओं पर कायम रहे और उन्हें अमल में लाने में सफल रहे तो फिर वे परिणाम अपनी टीम के हक में करने में भी कामयाब हो सकते हैं। बॉन्ड ने कहा, "गेंदबाजी इकाई के तौर पर हमारा प्रदर्शन मिला जुला रहा है। आप पिछले मैच को देखें तो पहले दस ओवर शानदार रहे। इसके बाद कुछ ओवर हमारे लिए खराब रहे। हमने कुछ बहुत अच्छा काम किया है औऱ इस दौरान हमने कई बड़े खिलाड़ियों के विकेट निकाले हैं। यह वैसा ही रहा है जैसा हमने सोचा था लेकिन जब मैच कहीं भी जाने की स्थिति में होता था तब हमने ऐसे भी ओवर किए हैं, जिनमें 20 से अधिक रन गए हैं। और जब आप एक ओवर में 20 या उससे अधिक रन देते हैं तो आप मैच हार जाते हैं।"
सोची-समझी रणनीति के हिसाब से गेंदबाजी नहीं हुई
बॉन्ड ने कहा कि ऐसा नहीं है कि गेंदबाजी की रणनीति पूरी तरह फेल रही है। इसे सही रास्ते पर लाना आसान है। इसके लिए हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि जब आप दबाव में हों तो गेंद फेंकते वक्त रणनीतियों पर बने रहें। बॉन्ड ने कहा, " रास्ता आसान है। अगर हम अपनी योजनाओं पर टिके रहते हैं, जैसा हम करना चाहते हैं, तो मुझे लगता है कि आप एक बदलाव देखेंगे। जैसा कि मैंने कहा, मुझे लगता है कि हमने देखा है कि जब हमने अपनी योजनाओं को उस तरह से लागू किया है जैसा कि हम चाहते थे, हम वास्तव में सफल रहे हैं। हमारे खिलाफ हर मैच में सिर्फ एक खिलाड़ी ही 10-11 गेंदों पर 30 या उससे अधिक रन बनाकर हमसे मैच छीन ले गया। मैंने महसूस किया है कि हमने ऐसे सभी खिलाड़ियों के खिलाफ सोची-समझी रणनीति के हिसाब से गेंदबाजी नहीं की। इसलिए गेंदबाजी के लिहाज से यह आसान है कि अगर हमारे पास योजनाएं हैं और हम उन पर टिके रहते हैं, तो ही हम काफी सफल हो सकते हैं।"
टीम के मनोबल पर मामूली सा भी असर नहीं
कोच ने कहा कि मुंबई इंडियंस का अगला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ है और लगातार हार ने टीम के मनोबल पर मामूली सा भी असर नहीं डाला है। बॉन्ड ने कहा, "मोटिवेशन पर मुझे काम करने की जरूरत नहीं। हमारी टीम प्रेरित (मोटिवेटिड) है। हर बार जब हम विशेष रूप से आरसीबी के खिलाफ खेलते हैं तो मैच मजेदार होता है। मोटिवेशन के संदर्भ में कहा जा सकता है कि इस टीम में इसकी कोई कमी नहीं। एनर्जी (ऊर्जा) एक और चीज है, जिसके बारे में बात की जाती है। तो प्रेरणा, ऊर्जा बस अपेक्षित है। हम यही करते हैं। इसी के कारण हम खेलने के लिए तैयार हो जाते हैं। मैं निश्चित रूप से सिर्फ इसे लेकर अपने खिलाड़ियों को दोषी नहीं बता सकता।"