दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने इस साल कुछ आईपीएल मैचों को छोड़ने का फैसला किया है। वॉर्नर फिलहाल टेस्ट सीरीज खेलने के लिए पाकिस्तान में हैं। वार्नर ने 30 मार्च को मेलबर्न में होने वाले अपने बचपन के आदर्श शेन वार्न के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने का फैसला किया है। ऐसे में वॉर्नर को शुरुआती कुछ मैचों से दूर रहना पड़ेगा। दिल्ली ने उन्हें इस साल 6.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
वॉर्नर ने वॉर्न के अंतिम संस्कार को लेकर, "मैं वहां रहूंगा, 100 प्रतिशत। मैं लाहौर में तीसरे टेस्ट के बाद स्वदेश रवाना हो जाऊंगा। मैंने वॉर्न को देखकर बड़ा हुआ हूं। उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होना जरूरी है। बचपन में मैं अपने घर में उनकी तस्वीर लगाकर रखता था। मैं हमेशा वॉर्न की तरह बनना चाहता था। यह निश्चित रूप से सभी के लिए बेहद भावुक होने वाला है। बहुत सारे लोग सम्मान देंगे।"
वॉर्नर कब वापस आएंगे?
शेन वार्न का राजकीय अंतिम संस्कार 30 मार्च को होना है और आईपीएल 26 मार्च से शुरू होगा। वार्नर 30 मार्च को मेलबर्न में अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। वह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के निर्देश के अनुसार पांच अप्रैल तक मेलबर्न में रहेंगे। उस अवधि तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं है। वॉर्नर छह अप्रैल को मुंबई पहुंचेंगे।
बीसीसीआई के कोविड-19 नियमों के अनुसार, वार्नर को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेने के कारण पांच दिनों के लिए क्वारंटीन होना पड़ेगा। क्वारंटीन समाप्त होने के बाद कोविड रिपोर्ट निगेटिव आने पर वे टीम के साथ बायो-बबल में जुड़ सकते हैं।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में होना वॉर्न का अंतिम संस्कार
इस बीच, दिग्गज क्रिकेटर शेन वॉर्न का पार्थिव शरीर थाईलैंड में असमय निधन के एक हफ्ते बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया है। छुट्टी के दौरान वार्न का निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था। थाई पुलिस ने घटना में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। वार्न का प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। यहां उन्होंने टेस्ट में अपना 700वां विकेट लिया था।