दिल्ली के खिलाफ जीत के बाद जश्न मनाते विराट कोहली और एबी डीविलियर्स
- फोटो : सोशल मीडिया
श्रीकर भरत (78*) और ग्लेन मैक्सवेल (51*) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल 2021 के 56वें मुकाबले में दिल्ली को सात विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 164 रन बनाए थे।
पृथ्वी शॉ ने 48 रन (चार चौके, दो छक्के) और शिखर धवन ने 43 रन (तीन चौके, दो छक्के) की पारी खेली। धवन ने साथ ही दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए दो हजार रन भी पूरे किए। वहीं, बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए, जबकि युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल और डैनियल क्रिश्चियन को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में आरसीबी ने 166 रन बनाकर यह मैच अपने नाम कर लिया। बैंगलोर को आखिरी ओवर में 15 रन की जरूरत थी। आवेश खान गेंदबाजी कर रहे थे, जबकि भरत मैक्सवेल क्रीज पर थे। ओवर की पहली गेंद पर मैक्सवेल ने चौका लगाया। इसके बाद अगली गेंद पर दो रन लेकर फिफ्टी पूरी की। यह इस आईपीएल में उनका छठा अर्धशतक रहा। अगली तीन गेंदों पर चार रन आए।
आखिरी गेंद पर बैंगलोर को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। भरत ने छक्का लगाकर अपनी टीम (आरसीबी) को जीत दिलाई। भरत और मैक्सवेल के बीच चौथे विकेट के लिए 111 रन की नाबाद साझेदारी हुई।
वहीं, दिल्ली की तरफ से एनरिच नोर्टजे ने सर्वाधिक दो विकेट झटके। इस जीत के साथ बैंगलोर के अंकतालिका में 18 अंक हो गए हैं। हालांकि, उसका नेट रन रेट -0.140 है। वहीं, दिल्ली की टीम अंकतालिका में 20 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
दिल्ली कैपिटल्स: शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रिपल पटेल, शिमरोन हेटमायर, अक्षर पटेल, आर अश्विन, कागिसो रबाडा, आवेश खान, 11 एनरिच नॉर्टजे।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, केएस भरत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डीविलियर्स, डैन क्रिश्चियन, शाहबाज अहमद, जॉर्ज गार्टन, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज , युजवेंद्र चहल।
प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाने से निराश मुंबई के रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
वहीं, दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने भी सनराइजर्स हैदराबाद को हरा तो दिया, पर प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जो समीकरण चाहिए थे, वो न बन पाने के कारण टीम प्लेऑफ से बाहर हो गई। अबू धाबी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने ईशान किशन (84) और सूर्यकुमार यादव (82) की पारी की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद की ओर से जेसन होल्डर ने चार विकेट झटके। वहीं, राशिद खान और अभिषेक शर्मा को दो-दो विकेट मिला। उमरान मलिक ने एक विकेट झटका।
इसके बाद मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हैदराबाद को 64 या इससे कम स्कोर पर ऑलआउट करना था। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। हैदराबाद की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 193 रन बना सकी। केन विलियमसन की गैर मौजूदगी में कप्तानी कर रहे मनीष पांडे ने सबसे ज्यादा 41 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली।
वहीं, जेसन रॉय ने 34 और अभिषेक ने 33 रन बनाए। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह, नाथन कूल्टर-नाइल और जिमी नीशम ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट और पीयूष चावला को एक-एक विकेट मिला। यह मैच पांच बार की चैंपियन मुंबई जीत तो गई पर प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता बंद हो गया।
मुंबई के 14 मैचों के बाद 14 अंक हैं। उसका नेट रन रेट +0.116 है। वहीं, कोलकाता के भी 14 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट +0.587 है। ऐसे में मुंबई प्लेऑफ से चूक गई। सनराइजर्स हैदराबाद 14 मैचों में तीन जीत और छह अंक के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे है।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
सनराइजर्स हैदराबाद: जेसन रॉय, अभिषेक शर्मा, मनीष पांडे (कप्तान), प्रियम गर्ग, अब्दुल समद, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान, सिद्धार्थ कौल, उमरान मलिक।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, क्रुणाल पंड्या, कायरन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या, जेम्स नीशम, नॉथन कुल्टर-नाइल, पीयूष चावला, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।