आईपीएल से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के कप्तान डेविड वार्नर फॉर्म में आ गए हैं। उन्होंने मार्श कप में न्यू साउथ वेल्स की तरफ से खेलते हुए शानदार शतक (108) जड़ दिया। वार्नर की इस शतकीय पारी के दम पर न्यू साउथ वेल्स ने तस्मानिया को तीन विकेट से हरा दिया। वार्नर के इस शतक पर फ्रैंचाइजी एसआरएच ने खुशी जाहिर की है। होबार्ट में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तस्मानिया ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 258 रन बनाए। जवाब में न्यू साउथ वेल्स की टीम ने 48.5 ओवरों में सात विकेट खोकर यह मैच अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज वार्नर ने इस मैच में 115 गेंदों में 108 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।