राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने कहा है कि भारत में कोविड-19 महामारी को लेकर उनकी टीम में कई बार चर्चा हुई है और यहां महामारी की दूसरी लाहर से लोगों को जो पीड़ा हो रही है उसे खिलाड़ी महसूस कर सकते हैं। भारत में संक्रमण के रोजाना तीन लाख से अधिक मामले सामने आ रहे हैं और महत्वपूर्ण दवाइयों तथा ऑक्सीजन की कमी ने संकट को और बढ़ा दिया है। मॉरिस ने कहा कि जो हो रहा है उसे समझ पाना मुश्किल है।
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ शनिवार को रॉयल्स की छह विकेट की जीत के बाद मॉरिस ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘एक टीम के रूप में पिछले कुछ दिनों में हमने इस बारे में काफी चर्चा की है। हमने देखा है कि अगर पूरे भारत में नहीं तो फिर कुछ हिस्सों में यह महामारी कितना बुरा असर डाल रही है। जो हो रहा है उसे समझ पाना बेहद मुश्किल है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम चेहरों पर मुस्कुराहट के साथ खेलें क्योंकि हमारे पास मुस्कुराने का कारण है और हम स्वस्थ हैं और हमें क्रिकेट खेलने को मिल रहा है।'
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मॉरिस ने कहा, 'उम्मीद करते हैं कि हम घरों में हमें देख रहे लोगों को खुश कर पाएंगे। हम जीते या हारें, यह लोगों को खुश करने का मौका है, अगर इससे लोगों को खुश होने का मौका मिलता है तो एक खेल के रूप में हम अच्छा कर रहे हैं। आज हम योजना को कहीं बेहतर तरीके से लागू कर पाए, सही लेंथ से गेंदबाजी की, यॉर्कर और धीमी गेंद की।'
मॉरिस ने नाइटराइडर्स के खिलाफ 22 रन देकर चार विकेट चटकाए, जिसके बाद कप्तान संजू सैमसन ने 42 और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर ने 24 रन की पारी खेलकर पूर्व चैंपियन टीम को सत्र की दूसरी जीत दिलाई।