टीम इंडिया के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने रविवार को 73वें पुलिस आमंत्रण शील्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए के दूसरे दौर के मैच में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्लेबाजी में 31 गेंदों में नाबाद 77 रन की पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में अर्जुन ने 41 रन देकर तीन विकेट झटके। अर्जुन के ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर एमआईजी क्रिकेट क्लब ने इस्लाम जिमखाना को 194 रन से करारी शिकस्त दी।
अपनी शानदार पारी के दौरान 21 वर्षीय अर्जुन ने पांच चौके और आठ छक्के लगाए। उन्होंने ऑफ स्पिनर हाशिर दाफेदार के एक ही ओवर में पांच छक्के जड़ दिए। बता दें कि टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी एमआईजी ने 45 ओवर में सात विकेट पर 385 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में इस्लाम जिमखाना की टीम 41.5 ओवर में महज 191 रन पर सिमट गई और मैच हार गई।
दरअसल, यह टूर्नामेंट मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के तत्वाधान में आयोजित किया गया है और कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के बाद शहर में पहली क्रिकेट प्रतियोगिता है। बता दें कि अर्जुन ने हाल में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलकर मुंबई की सीनियर टीम में पदार्पण किया था। उन्हें 18 फरवरी को चेन्नई में होने वाली आईपीएल नीलामी के लिए खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये है।