दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से 100 करोड़ की कमाई करने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही वह एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
दरअसल, आईपीएल के 14वें सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। सभी टीमों ने अपने अपने खिलाड़ियों को रिटेन और रिलीज कर दिया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 18 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी हो सकती है। हाल ही में हुए रिटेंशन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 12 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, जबकि 10 को रीलिज।
आरसीबी ने आईपीएल 2021 के लिए एबी डीविलियर्स को भी रिटेन किया है। डीविलियर्स को आरसीबी ने साल 2018 में 11 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। आईपीएल के पहले सीजन यानी साल 2008 से आईपीएल खेल रहे डीविलियर्स ने अब तक इस लीग से 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है और ऐसा करने वाले वह पहले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले सीजन में डीविलियर्स ने 15 मैचों में पांच अर्धशतकों के साथ 45.40 की औसत से 454 रन बनाए। वहीं, आईपीएल करियर में उन्होंने अब तक कुल 169 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 40.40 की औसत से 4849 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल में उनका सर्वाधिक स्कोर 133* है, जो उन्होंने साल 2015 में बनाए थे।
आरसीबी ने इन खिलाड़ियों को किया रिटेन और रिलीज
- रिटेन: विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, देवदत्त पडीक्कल, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जोश फिलिप, पवन देशपांडे, शाहबाज अहमद, एडम जंपा, केन रिचर्डसन
- रिलीज: गुरकीरत सिंह मान, मोईन अली, पार्थिव पटेल (रिटायर्ड), पवन नेगी, शिवम दुबे, उमेश यादव, आरोन फिंच, क्रिस मॉरिस, डेल स्टेन, आरोन फिंच
- बचा पैसा: 35.9 करोड़
- खिलाड़ी लेने हैं: 13 (4 विदेशी)