सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन कर शनिवार को यहां रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस में अपनी उम्मीदों को कायम रखा। स्टार बल्लेबाजों से सजी बैंगलोर की टीम सात विकेट पर 120 रन ही बना सकी थी। हैदराबाद ने 14.1 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया और सातवें से चौथे पायदान पर आ गई।
हैदराबाद के 13 मैचों में 12 अंक है और उसे अंतिम मैच तालिका पर शीर्ष पर मौजूद मुंबई के खिलाफ खेलना है। अगर बैंगलोर जीत हासिल कर लेती तो उसे प्लेऑफ में प्रवेश मिल जाता लेकिन उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। वह 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
हैदराबाद के लिए लक्ष्य आसान था लेकिन वार्नर जल्द आउट हो गए थे। मनीष पांडे (26) और साहा (39) ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। स्पिनर चहल ने पांडे और साहा को आउट कर एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन किया। केन विलियम्सन (08) को उदाना ने आउट किया लेकिन होल्डर ने दस गेंदों पर 26 रन बनाकर जीत दिला दी।
विराट सातवीं बार संदीप के शिकार :
इससे पहले हैदराबाद टीम के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। देवदत्त पडिक्कल (05) और कप्तान विराट कोहली (07) को मैन ऑफ द मैच संदीप शर्मा (2/20) ने जल्द ही आउट कर दिया था। संदीप ने आईपीएल में सातवीं बार विराट को आउट किया है। ओपनर जोश फिलिप (32) और एबी डीविलियर्स (24) ने अपनी पारी की अच्छी शुरुआत की लेकिन इसे बड़ी नहीं बना सके। एबी को नदीम ने 11वें ओवर में अभिषेक के हाथों कैच करा दिया जबकि अगले ओवर में फिलिप को राशिद खान (1/24) ने आउट कर दिया। टीम 76 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी।
सुंदर-गुरकीरत ने जोड़े 30 रन
शुरुआती झटकों के बाद वाशिंगटन सुंदर (21) और गुरकीरत सिंह (15*) ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 30 रन जोड़े लेकिन वे लय हासिल नहीं कर सके। उसके बाद सुुंदर और मौरिस (03) कम अंतराल में आउट हो गए। हैदराबाद के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने अपने चार ओवरों में 27 रन देकर दो विकेट लिए।