बीसीसीआई ने गुरुवार को कहा कि गुवाहाटी में स्थित बारसपारा स्टेडियम इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी सत्र के दौरान राजस्थान रॉयल्स के पहले दो घरेलू मैचों की मेजबानी करेगा।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बयान में कहा, 'वे पांच और नौ अप्रैल को गुवाहाटी में क्रमश: दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स से खेलेंगे। दोनों मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होंगे।'
राजस्थान रायल्स की टीम बचे हुए पांच घरेलू मैच अपने तय मुख्य घरेलू मैदान जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलेगी। स्टीव स्मिथ की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने अभियान की शुरुआत दो अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ उसी के मैदान पर करेगी।
पिछले साल राजस्थान रायल्स ने अपने कुछ मैच गुवाहाटी में आयोजित करने का अनुरोध किया था और वह इस संबंध में कुछ समय से असम क्रिकेट संघ से बातचीत में लगा था।