मौजूदा चैंपियन मुंबई के अभी 16 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भी अच्छा है, उसका शीर्ष दो में बने रहना लगभग तय है। किंग्स इलेवन पंजाब, केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगातार तीन हार के बावजूद दिल्ली 12 मैचों में 14 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। इन तीन पराजय से दिल्ली की आंख खुल गई होगी कि टूर्नामेंट में किसी भी स्तर पर ढिलाई बरतना महंगा पड़ सकता है, उसे प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए एक जीत की जरूरत है। उसके लिए आखिरी दो मैच आसान नहीं होने वाले हैं क्योंकि उसका सामना टूर्नामेंट की चोटी की दो टीमों मुंबई और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) से होगा। अगर दिल्ली अपने आखिरी दोनों मैच गंवा देता है तो वह बाहर भी हो सकता है।
कागजों पर मुंबई की टीम अधिक मजबूत नजर आती है। प्लेऑफ में जगह पक्की होने के बाद अब उसकी टीम बिना किसी दबाव के खेलेगी। नियमित कप्तान रोहित शर्मा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पिछले तीन मैचों में नहीं खेल पाए और उनका इस मैच से भी बाहर रहने की संभावना है। इस बारे में हालांकि मुंबई इंडियंस के टीम प्रबंधन ने कोई जानकारी नहीं दी है। मुंबई ने पिछले मैच में आरसीबी को पांच विकेट से हराया और वह दिल्ली के लिये मुश्किलें पैदा कर सकता है। मुंबई के बल्लेबाज और गेंदबाज अपनी तरफ से पूरा योगदान दे रहे हैं और उनके अपने अंतिम एकादश में बदलाव करने की संभावना नहीं है, इसके विपरीत पिछले कुछ मैचों में दिल्ली के बल्लेबाजों का प्रदर्शन टीम के अनुकूल नहीं रहा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में उसके बल्लेबाज दबाव में दिखे और 220 रन के लक्ष्य के सामने 131 रन पर आउट हो गए। कागिसो रबाडा और एनरिच नॉर्ट्जे अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं लेकिन बाकी गेंदबाजों से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकुल रॉय, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, जेम्स पैटिंसन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, मिचेल मैकलेनगन, मोहसिन खान, नाथन कोल्टर-नाइल, प्रिंस बलवंत राय, क्विंटन डीकॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट।
दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), कागिसो रबाडा, मार्कस स्टोइनिस, संदीप लामिछाने, अजिंक्य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, शिमरोन हेटमेयर, एलेक्स कैरी, मोहित शर्मा, पृथ्वी शॉ, ललित यादव, अवेश खान, अक्षर पटेल, तुषार देशपांडे, ऋषभ पंत, हर्षल पटेल, कीमो पॉल, प्रवीण दुबे, एनरिच नार्जे, डैनियल सैम्स। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा