कोलकाता नाइटराइडर्स के नए कप्तान इयोन मोर्गन को पहले ही मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा। अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को उसे 19 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया। मैन ऑफ द मैच क्विंटन डिकॉक ने 44 गेंदों पर 78 रन की पारी खेली जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। कोलकाता की यह लगातार दूसरी और आठ मैचों में चौथी हार है। मुंबई की टीम आठ मैचों में छठी जीत के साथ फिर से शीर्ष पर पहुंच गई है।
पहले बल्लेबाजी चुनने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स ने पैट कमिंस (नाबाद 53) और मोर्गन के बीच छठे विकेट पर 87 रन की अटूट साझेदारी से पांच विकेट पर 148 रन बनाए थे। बल्लेबाजी के लिए कप्तानी छोड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक तो चार रन ही बना पाए। मुंबई ने 16.5 ओवरों में दो विकेट पर 149 रन बनाकर आसान जीत हासिल कर ली।
डिकॉक का चार मैचों में तीसरा अर्द्धशतक
क्विंटन डि कॉक ज्यादा आक्रामक मूड में थे। उन्होंने चौथे ओवर में कमिंस पर दो चौके लगाए। उनका 24 रन पर एक मुश्किल कैच वरुण नहीं ले पाए थे लेकिन बेखौफ बल्लेबाजी कर रहे क्विंटन ने सातवें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। नौवें ओवर में उन्होंने अपना अर्द्धशतक रसेल पर छक्का लगाकर आतिशी अंदाज में पूरा किया। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज की चार मैचों में तीसरी अर्द्धशतकीय पारी है। पहला विकेट रोहित (35) के रूप में 11वें ओवर में गिरा जब शिवम मावी की गेंद पर कार्तिक ने उनका कैच लपका। दूसरा विकेट सूर्य कुमार यादव (10) का था। हार्दिक (21*) ने 17वें ओवर में जीत दिला दी।
केकेआर का शीर्ष क्रम फ्लॉप :
पहले बल्लेबाजी पर उतरी केकेआर टीम का शीर्ष क्रम विफल हो गया था। ओपनर राहुल त्रिपाठी (07) का सूर्य कुमार ने प्वाइंट पर शानदार कैच लपका। जल्द ही नितीश राणा (05) भी नाथन कूल्टर नाइल की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। आठवें ओवर में स्पिनर राहुल चाहर (2/18) ने शुभमन गिल (21) और दिनेश कार्तिक को आउट कर कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 42 रन कर दिया। आंद्रे रसेल (12) के आउट होने से 61 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। रसेल ने बुमराह (1/22) की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया लेकिन गेंद हवा में चली गई और विकेटकीपर डिकॉक ने आसान कैच लपक लिया।
नाथन साबित हुए खर्चीले :
कमिंस ने नाथन कूल्टर नाइल पर 13वें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। कमिंस और मोर्गन ने अंतिम पांच ओवरों में 53 रन बनाए। नाथन ज्यादा खर्चीले साबित हुए जिन्होंने चार ओवरों में 51 रन दे दिए। उनके अंतिम ओवर में 21 रन बने। इसी ओवर की पहली गेंद पर कमिंस ने चौके के साथ अपना अर्द्धशतक पूरा किया।