राहुल त्रिपाठी (81) की शानदार अर्द्धशतकीय पारी के बाद गेंदबाजों के संयमित प्रदर्शन से कोलकाता नाइटराइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ दस रन से रोमांचक जीत हासिल की। इसके साथ ही पांच मैचों में तीसरी जीत के साथ दिनेश कार्तिक की टीम अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं चेन्नई पांचवें स्थान पर मौजूद है.
अबू धाबी में खेले गए लीग के 21वें मुकाबले में कोलकाता की टीम पहले खेलते हुए 167 रन पर आउट हो गई। त्रिपाठी के अलावा सुनील नरेन और पैट कमिंस ने 17-17 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम पांच विकेट पर 157 रन ही बना पाई और दस रन से मैच हार गई। उसकी तरफ से शेन वॉटसन ने सर्वाधिक 50 रन बनाए।
वॉटसन के विकेट ने पलटा पासा :
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत शानदार रही। वॉटसन ने फाफ डु प्लेसिस (17) के साथ पहले विकेट के लिए 30 और अंबाती रायडू (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। टीम ने 13 ओवर में दो विकेट गंवाकर 100 रन पूरे कर लिए थे। तभी वॉटसन को सुनील नरेन ने एलबीडब्ल्यू कर मैच पलट दिया। यहां से कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (11) समेत कोई भी बल्लेबाज पारी को नहीं संभाल सका। रविंद्र जडेजा ने आठ गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के से नाबाद 21 रन बनाए। कोलकाता की ओर से मावी, नागरकोटी, रसेल, नरेन और वरुण ने एक-एक विकेट लिया।
अकेले डटे रहे राहुल :
इससे पहले कोलकाता की तरफ से ओपनिंग करने उतरे राहुल त्रिपाठी 17 ओवर तक अकेले एक छोर पर डटे रहे जबकि दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। टीम की ओर से बनाए गए कुल रनों में से आधा स्कोर त्रिपाठी के बल्ले से निकला। दस अन्य खिलाड़ियों ने मिलकर 86 रन बनाए। त्रिपाठी ने इस सत्र का पहला जबकि आईपीएल का पांचवां अर्द्धशतक बनाया। उन्होंने शुभमन गिल (11) के साथ पहले विकेट के लिए 37 और नीतिश राणा (9) के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। मोर्गन (7) और आंद्रे रसेल (02) फिर नाकाम रहे।
कार्तिक फिर फेल :
कप्तान दिनेश कार्तिक एक बार फिर फेल हुए। उन्होंने 11 गेंद खेलकर एक चौके की मदद से 12 रन बनाए। वह पांच मैचों में सिर्फ 49 रन ही बना पाए हैं। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेश खिलाड़ी कमिंस ने नौ गेंदों में एक छक्के और एक चौके की मदद से नाबाद 17 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम ने तीन विकेट गंवाए। इसमें से दो को कमलेश नागरकोटी (00) और शिवम मावी (00) को ब्रावो ने कैच आउट करवाया तो वरुण चक्रवर्ती (01) रन आउट हुए। चेन्नई की ओर से ब्रावो ने जबकि शार्दुल ठाकुर, सैम करन और कर्ण शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए।