यूएई में होने जा रहे आईपीएल 2020 के पहले ही मैच से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी मौजूद रह सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स के सीओओ जैक लुश मैक्रम ने शनिवार को बताया कि आईपीएल को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने प्रोटोकॉल में बदलाव किया है। जिसके अनुसार अब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी पहले मैच से टीम में शामिल हो सकते हैं।
आईपीएल की शुरुआत 19 सितंबर से हो रही है, जिसमें विदेशी खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद कम लग रही थी। दरअसल, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सितंबर में तीन-तीन मैचों की टी-20 और वन-डे सीरीज खेली जानी है। सीरीज का आखिरी मैच 16 सितंबर को खेला जाएगा।
ऐसे में लग रहा था कि इन दोनों ही टीम के खिलाड़ी आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों में अपनी टीमों के साथ नहीं जुड़ पाएंगे। इस मामले पर गौर करते हुए बीसीसीआई ने सभी टीमों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जो खिलाड़ी क्वारंटीन से आ रहे हैं। उन्हें अब क्वारंटीन में रहने की जरूरत नहीं होगी।
मालूम हो कि बोर्ड के पुराने निर्देश के अनुसार, विदेशी खिलाड़ियों को भी भारतीय खिलाड़ियों की तरह आईपीएल 2020 से ठीक पहले यूएई पहुंचकर एक सप्ताह तक क्वारंटीन में रहना होता। हालांकि, मैक्रम ने बताया कि बीसीसीआई ने अपने क्वारंटीन नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी बायो-सिक्योर बबल से दूसरे बायो-सिक्योर बबल में आ रहा है, तो उसे क्वारंटीन की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, कोरोना टेस्ट जरूरी होगा।