भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से सुरेश रैना के हटने के बाद महेंद्र सिंह धोनी को चेन्नई सुपरकिंग्स में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। रैना ‘निजी कारणों’ से आईपीएल से हट गए हैं और गंभीर को लगता है कि एक साल से अधिक समय से खेल से दूर धेानी को अधिक से अधिक गेंद खेलने का प्रयास करना चाहिए।
गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ से कहा, ‘यह महेंद्र सिंह धोनी के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का अच्छा मौका है।’ दो साल आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम के कप्तान रहे गंभीर ने कहा, ‘और वह पिछले एक साल से खेल से दूर हैं इसलिए उसे अधिक गेंदों का सामना करना पड़ सकता है और ऐसे में वह एंकर की भूमिका निभा सकता हैं, जो वह पिछले कुछ वर्षों से भारत के लिए कर रहा था।’