राजस्थान को कप्तान अजिंक्य रहाणे और जोस बटलर ने तेज शुरुआत दिलाई। 6.2 ओवर्स में ही टीम का स्कोर 60 रन पर पहुंच चुका था। दोनों बल्लेबाज मिलकर सभी गेंदबाजों की खबर ले रहे थे तभी क्रुणाल पांड्या ने रहाणे (21 गेंदों में 37) को आउट कर अपनी टीम को राहत की सांस दिलाई। मगर दूसरी छोर पर खड़े जोस बटलर नहीं रुके।
पहले उन्होंने अपना इस सीजन का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। फिर टीम को जीत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि वे शतक से चूक गए और 43 गेंदों में 89 रन बनाकर 7 छक्के और 8 चौके लगाकर 13.2 ओवर में राहुल चहर का शिकार बने।
संजू सैमसन ने इसके बाद जिम्मेदारी से खेलना जारी रखा। 26 गेंदों में 31 रन बनाने के बाद 16.5 में जब टीम का स्कोर 170 था तो संजू आउट हो गए। इस विकेट के बावजूद राजस्थान आसानी से मैच जीतते नजर आ रही थी, लेकिन अगले 2 ओवर्स में इस टीम ने अपने तीन विकेट गंवा दिए। पहले 12 गेंदों में 13 रन की दरकार थी जो आखिरी ओवर में 6 रह गई। मैच किसी के भी पक्ष में जा सकता था।
20वें ओवर की जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को मिली। पहली गेंद पर कैच छूटने (+2 रन) और दूसरी गेंद खाली जाने के बाद हर क्रिकेट प्रेमी सांस थामे बैठा था, लेकिन तीसरी गेंद पर चौका लगाते हुए श्रेयस गोपाल ने राजस्थान की जीत सुनिश्चित की।
इसके पहले क्विंटन डीकॉक के 52 गेंदों पर 81 रन, रोहित शर्मा के 32 गेंदों में 47 रन और अंत में हार्दिक पांड्या के 11 गेंदों पर 28 रन की ताबड़तोड़ पारी के बूते ही मुंबई 187/5 तक पहुंच पाया था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और क्विंटन डीकॉक की सलामी जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई, लेकिन 11वें ओवर की पांचवीं गेंदर पर जोफ्रा आर्चर ने मेजबान टीम को कप्तान रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका दिया। रोहित ने 32 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन की शानदार पारी खेली।
सूर्यकुमार यादव का बल्ला सिर्फ 16 रन ही बना सका। वह 117 के कुल स्कोर पर राजस्थान का दूसरा शिकार बने। पिछले मैच में तूफानी पारी खेलने वाले कीरोन पोलार्ड इस मैच में सिर्फ छह रन ही बना सके। शुरुआत में मुंबई ने तकरीबन नौ की औसत से रन बनाए थे लेकिन बीच के ओवरों में उसकी रनगति सात के करीब तक लुढ़क गई थी।
इसके बाद चौथे विकेट के रूप में क्विंटन डी कॉक (81) और पांचवें विकेट के रूप में ईशान किशन (5) आउट हुए। यह रोहित का मुंबई के लिए बतौर कप्तान 100वां मैच था जिसमें अब बंद हो चुकी चैम्पियंस लीग टी-20 के मैच भी शामिल हैं। यह मुंबई का ओवरऑल 200वां मैच था।
इससे पहले राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने तीन बार की चैंपियन मुंबई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मुकाबले में मेजबान टीम मुंबई ने एक बदलाव किया है। 17 वर्षीय युवा खिलाड़ी सिद्धेश लाड की जगह खुद कप्तान रोहित शर्मा की वापसी हुई है।
पिछले मैच में लाड ने डेब्यू किया था। बता दें कि पिछल मैच में कप्तान रोहित नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड ने कप्तानी की थी। वहीं, राजस्थान ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए बेन स्टोक्स और रियान पराग की जगह लियाम लिविंगस्टोन और कृष्णप्पा गौतम को प्लेइंग में शामिल किया है।
रोहित पैर की चोट के कारण 11 सत्र में पहली बार किसी आईपीएल मैच से बाहर रहे। उनकी गैर मौजूदगी में पोलार्ड ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ टीम की कमान संभाली और 83 रन बनाकर हार की कगार से निकालकर मुंबई को तीन विकेट से जीत दिलाई।
राजस्थान: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), जोस बटलर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), स्टीव स्मिथ, राहुल त्रिपाठी, लियाम लिविंगस्टोन, कृष्णप्पा गौतम, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट और धवल कुलकर्णी।
मुंबई: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन (विकेटकीपर), किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, अल्जारी जोसेफ, जेसन बेहरेनडॉर्फ और जसप्रीत बुमराह।