फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2019: लगातार चार मैच हार चुकी बैंगलोर से आज होगा कोलकाता का मुकाबला

Fri, 05 Apr 2019 02:13 AM IST
Mukesh Jha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

शुरुआती चार मैच गंवाने के बाद पहली जीत की तलाश में जुटी बैंगलोर की टीम शुक्रवार को यहां कोलकाता के खिलाफ होने वाले इंडियन टी-20 लीग के मैच के लिए टीम में कई बदलाव कर सकती है।

विज्ञापन


बैंगलोर का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में अभी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में निराशाजनक रहा है। कप्तान विराट कोहली ने स्वीकार किया कि उनकी संघर्षरत टीम अब भी सही संतुलन नहीं बना पायी है लेकिन संयोजन के साथ प्रयोग जारी रहेंगे। 

उसने अपना पिछला मैच जयपुर में राजस्थान से सात विकेट से गंवाया था और अब उसका सामना कोलकाता से होगा जो काफी संतुलित नजर आ रही है। कोलकाता की टीम ने अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं। 
विज्ञापन


बैंगलोर ने इससे पहले आखिरी बार मई 2016 में कोलकाता को ईडन गार्डन्स में हराया था। इन दोनों टीमों के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में जो पिछले तीन मैच खेले गए हैं उनमें बैंगलोर को हार का सामना करना पड़ा।

बल्लेबाजी का पतन बैंगलोर के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है। कप्तान कोहली अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं जिससे परेशानी बढ़ गई है। वह चार मैचों में 20 रन से भी कम औसत से रन बना पाए हैं। पार्थिव पटेल और एबी डिविलियर्स ही अभी तक 20 से अधिक औसत से रन बना सके हैं।

चेन्नई के खिलाफ पहले मैच में बैंगलोर की टीम केवल 70 रन पर आउट हो गई थी। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बैंगलोर के गेंदबाज नहीं चले। इस मैच में हैदराबाद ने 232 रन बनाए। इसके बाद बैंगलोर ने आठ ओवर के अंदर 35 रन पर छह विकेट गंवा दिए और टीम आखिर में 113 रन पर आउट हो गई। उसे 118 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

राजस्थान के खिलाफ भी बैंगलोर का शीर्ष क्रम नहीं चल पाया। लगातार लचर प्रदर्शन के बाद बेंगलोर बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव कर सकता है। 

अपनी खराब फार्म के बावजूद कोहली और डीविलियर्स व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं। कोहली को सुरेश रैना के बाद टी20 में 8000 रन पूरा करने वाला दूसरा भारतीय क्रिकेटर बनने के लिये केवल 17 रन की दरकार है। डीविलियर्स को बैंगलोर की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंचने के लिये 15 रन चाहिए। 

गेंदबाजी में भी बैंगलोर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। युजवेंद्र चहल को छोड़कर बैंगलोर के अन्य गेंदबाजों ने काफी रन लुटाये और उन्हें अपेक्षित सफलताएं भी नहीं मिली हैं। 

जहां तक कोलकाता की बात है तो वह भले ही पिछले मैच में दिल्ली से सुपरओवर में हार गया, लेकिन उसका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। उसके बल्लेबाज नितीश राणा, आंद्रे रसेल, रॉबिन उथप्पा और शुभमान गिल शानदार फार्म में हैं। 

रसेल ने अपनी पावर हिटिंग का अब तक बेजोड़ नमूना पेश किया है। चहल और उनके साथियों के लिए रसेल को रोकना चुनौती होगी। राणा ने सलामी बल्लेबाज के रूप में प्रभाव छोड़ा है।

Trending Videos
विज्ञापन

टीमें इस प्रकार हैं : 

बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल, मोइन अली, शिमरॉन हेटमेयर, शिवम दुबे, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी, देवदत्त पडिक्कल, हिम्मत सिंह, मिलिंद कुमार , गुरकीरत सिंह मान, हेनरिक क्लासेन, पवन नेगी, वाशिंगटन सुंदर, अक्षदीप नाथ, प्रयास बर्मन, कुलवंत खेजरोलिया, टिम साउथी।

कोलकाता: दिनेश कार्तिक (कप्तान), रॉबिन उथप्पा, क्रिस लिन, शुभमान गिल, आंद्रे रसेल, कार्लोस ब्रैथवेट, सुनील नरेन, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, नितीश राणा, निखिल नाइक, जो डेनली, श्रीकांत मुंडे, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, लॉकी फर्ग्यूसन, हैरी गुरनी, केसी करियप्पा और यारा पृथ्वीराज।

-मैच रात आठ बजे से शुरू होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें