धुरंधर बल्लेबाजों से सजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट आईपीएल-10 में जीत की राह पर लौटने को बेताब है। मंगलवार को स्मिथ एंड कंपनी का मुकाबला अपने घरेलू मैदान में दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा। अभी तक पुणे की फ्रेंचाइजी टीम ने दो मुकाबले खेले हैं जिसमें एक में उसे जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। उसने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच जीता तो वहीं किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ इंदौर में उसे छह विकेट से हार का मुंह देखना पड़ा।
दूसरी ओर दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम अब तक खेले अपने एकमात्र मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ 15 रन से पराजित हुई है। पिता के देहांत के दो दिन बाद खेलने उतरे युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत ने बड़ा जज्बा दिखाते हुए 36 गेंदों पर 57 रन की साहसिक पारी खेली लेकिन टीम को नहीं जिता सके। ऑलराउंडर मौरिस और ब्रेथवेट को निचले क्रम में अपने आतिशी तेवर दिखाने की जरूरत है ताकि डेयरडेविल्स टूर्नामेंट में एक मजबूत इकाई के रूप में नजर आए।
सुपरजाइंट की बल्लेबाजी तो ठीक है लेकिन उसकी गेंदबाजी में पैनापन नजर नहीं आ रहा। पेसर अशोक डिंडा, डेनियल क्रिश्चियन और बेन स्टोक्स खास प्रभावित नहीं कर रहे। वहीं डेयरडेविल्स के बल्लेबाजों को बल्ले से अपना दम दिखाना होगा।
संभावित अंतिम एकादश
राइजिंग पुणे सुपरजाइंट: स्टीव स्मिथ (कप्तान), एम एस धोनी, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, फाफ डू प्लेसिस, मनोज तिवारी, मयंक अग्रवाल, रजत भाटिया, राहुल चाहर, इमरान ताहिर, अशोक डिंडा
दिल्ली डेयरडेविल्स: जहीर खान(कप्तान), मोहम्मद शमी, शाहबाज नदीम, अमित मिश्रा, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, करुण नायर, ऋषभ पंत, कोरी एंडरसन, क्रिस मौरिस, कोर्लोस ब्रेथवेट, सैम बिलिंग्स