मुंबई इंडियंस आईपीएल-10 के अपने अगले मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ उतरेगी और वो उम्मीद करेगी का अपना विजय रथ जारी रखे। मुंबई टीम ने इस सत्र में लगातार पांच जीत दर्ज की हैं और उसके खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। दूसरी ओर दिल्ली डेयरडेविल्स संघर्ष कर रही है और उसने पांच में से दो ही मुकाबले जीते हैं जबकि तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
फॉर्म में चल रहे नीतीश राणा भी मुंबई के लिए दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। राणा ने पिछले मुकाबले में नाबाद 62 रन बनाए थे और वह अब तक आईपीएल में 255 रन जड़ चुके हैं। रोहित, राणा, पटेल बंधु हार्दिक और क्रुणाल, पार्थिव पटेल और बटलर की फॉर्म किसी भी टीम के गेंदबाजों को चिंता में डाल सकती है। यह भी दिलचस्प है कि मुंबई ने पांच में तीन बार जीत लक्ष्य का पीछा करते हुए दर्ज की है। उसने पंजाब के अलावा गुजरात लॉयंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच जीत लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं।
सबसे अच्छी बात यह है कि टीम किसी एक खिलाड़ी पर पूरी तरह निर्भर नहीं है और सभी खिलाड़ी योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में जरूर मुंबई को चिंता होगी क्योंकि अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। उम्मीद है कि मलिंगा की जगह टिम साउदी को अगले मुकाबले में जगह दी जा सकती है।
दिल्ली को ऋषभ पंत से होंगी उम्मीदें
दिल्ली डेयरडेविल्स
- फोटो : IBTimes
डेयरडेविल्स की ताकत उसके युवा संजू सैमसन और ऋषभ पंत हैं जो बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सैम बिलिंग्स और करुण नायर कुछ खास नहीं कर पाए हैं। सैमसन आईपीएल-10 में शतक जड़ने वाले एकमात्र भारतीय हैं। श्रेयस अय्यर इस मुकाबले में काफी अहम रहेंगे क्योंकि मुंबई के होने के नाते वह यहां की पिचों से वाकिफ हैं। अय्यर ने हैदराबाद के खिलाफ 31 गेंदों में 50 रन बना दिए थे। यह भी देखना होगा कि एंजेलो मैथ्यूज को टीम में जगह मिलती है या नहीं, जिन्होंने पिछले मैच में तीन ओवर में 41 रन लुटा दिए थे। कप्तान जहीर खान और क्रिस मॉरिस से भी काफी उम्मीदें रहेंगी।
संभावित अंतिम एकादश:
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, जोस बटलर, नितीश राना, केरॉन पोलार्ड, हरभजन सिंह, क्रुनाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, मिचेल मैकलेनेघन, टिम साउथी, जसप्रीत बुमराह
दिल्ली डेयरडेविल्स: जहीर खान (कप्तान), संजू सैमसन, सैम बिलिंग्स, करुण नायर, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, एंजेलो मैथ्यूज, क्रिस मॉरिस, पैट कमिंस, अमित मिश्रा, शाहबाज नदीम