शनिवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स को गत चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद चुनौती देने मैदान में उतरेंगे। यहां भी गौतम गंभीर की टीम जीत की लय को कायम रखने के इरादे से उतरेगी। यह मुकाबला गेंदबाजी में शीर्ष दो टीमों के बीच जंग की तरह है। कोलकाता पिछले सत्र में एलिमिनेटर में मिली हार का बदला चुकता करना चाहेगा।
एक जीत और एक हार के बाद केकेआर ने गुरुवार की रात ईडन गार्डन पर किंग्स इलेवन पंजाब को 21 गेंद बाकी रहते आठ विकेट से हराया था।अपने घरेलू मैदान पर यह उसकी लक्ष्य का पीछा करते हुए लगातार 11वीं जीत थी। कप्तान गौतम गंभीर ने सुनील नरायन से पारी का आगाज कराने का मास्टर स्ट्रोक खेला और दोनों ने पावरप्ले में 76 रन बनाए।
सनराइजर्स के पास भी भुवनेश्वर कुमार और राशिद खान के रूप में बेहतरीन तेज और स्पिन आक्रमण है। दोनों ने तीन मैचों में 13 विकेट लिए हैं। पर्पल कैपधारी भुवनेश्वर ने डेथ ओवरों में उम्दा गेंदबाजी की है। तेज गेंदबाजी का जिम्मा आशीष नेहरा और मुस्तफिजुर रहमान पर भी होगा। अफगानिस्तान के राशिद खान तीन मैचों में छह विकेट ले चुके हैं। केकेआर का सनराइजर्स के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 6-3 का है।