आईपीएल-10 में बुधवार को दो वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। मुंबई जहां दो बार (2013, 2015) की चैंपियन है तो वहीं हैदराबाद ने पिछले सत्र का खिताब अपने नाम किया था। अपने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को मात देने वाले मुंबई इंडियंस के हौंसले बुलंद हैं। वहीं सीजन के अपने दोनों मुकाबले जीतने वाली गत चैंपियन हैदराबाद बेहद मजबूत दिखती है। दोनों टीमों में बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं जो शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जिताने का दम रखते हैं।
मुंबई टीम में जहां नीतीश राणा और पांड्या बंधू जैसे युवा धुरंधर हैं जो दूसरी ओर हैदराबाद में अफगानिस्तानी लेग स्पिनर राशिद खान मौजूद हैं, जिनकी फिरकी अब भी एक रहस्य बनी हुई है। दिल्ली के खिलाड़ी राणा का हाल ही में घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और उन्हें दिल्ली के कोच केपी भास्कर ने विजय हजारे ट्रॉफी में फ्लॉप रहने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया था लेकिन आईपीएल में वह अच्छी फॉर्म में हैं और दो मैचों में कुल 84 रन बनाए हैं।
राशिद खान से रहना सावधान
राशिद खान
- फोटो : ESPN
मुंबई को कप्तान रोहित, धुरंधर केरॉन पोलार्ड और हरभजन सिंह से खासी उम्मीदें रहेंगी। गेंदबाजी में लसिथ मलिंगा और युवा जसप्रीत बुमराह मुंबई की ताकत हैं। दूसरी ओर हैदराबाद में कप्तान डेविड वॉर्नर के अलावा मोइसेज ऑनरीकेज और युवराज सिंह जैसे शानदार बल्लेबाज हैं। पहली बार आईपीएल में खेल रहे अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान के साथ तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और अनुभवी आशीष नेहरा पर गेंदबाजी का दारोमदार रहेगा।
संभावित अंतिम एकादश:
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, मिचेल मैकक्लेनघन, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, केरॉन पोलार्ड, नीतीश राणा, अंबाती रायडु
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वॉर्नर (कप्तान), शिखर धवन, मोइसेज ऑनरीकेज, युवराज सिंह, बेन कटिंग, दीपक हुड्डा, नमन ओझा (विकेटकीपर), राशिद खान, बिपुल शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, आशीष नेहरा