लगातार 34 मैच के बाद दिल्ली ने लगातार दो मैचों में अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया। बदलाव का यह सिलसिला आईपीएल-8 में शुरू हुआ था जो कि आईपीएल 10 तक जारी रहा। साल 2015 में डेयरडेविल्स ने सीजन के अंतिम 7 मैचों में अंतिम एकादश में कम से कम एक बदलाव जरूर किया। यह सिलसिला 2016 में भी जारी रहा। जहीर की कप्तानी में सीजन में खेले 14 मैच में दिल्ली लगातार दो मैच में एक जैसी टीम के साथ मैदान में नहीं उतरी। यह सिलसिला 2017 में आरसीबी के खिलााफ आकर थमा।
आरसीबी के खिलाफ जहीर खान ने आईपीएल में अपना 100वां मैच खेला। वह आईपीएल में यह मुकाम हासिल करने वाले बाएं हाथ के दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले इरफान पठान 103 मैच खेल चुके हैं।
रविवार को आरसीबी और दिल्ली डेयरडेविल्स दोनों ने अंतिम एकादश में 3-3 विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया। ऐसा आईपीएल के दस साल के इतिहास में पहली बार हुआ है।