आईपीएल छह की नीलामी में 10 लाख डालर की कीमत के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी का खिताब पाने वाले ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को आखिर इस टूर्नामेंट में उतरने का मौका मिल ही गया।
मुंबई इंडियंस ने पुणे वारियर्स के खिलाफ शनिवार को मैच में चोटिल कैरेबियाई आलराउंडर कीरोन पोलार्ड की जगह मैक्सवेल को खेलने का मौका दिया।
मैक्सवेल को टूर्नामेंट में अपनी बारी आने के लिए 12 मैचों तक बेंच पर बैठ कर इंतजार करना पड़ा। मुंबई के 13वें मैच में जाकर मैक्सवेल को खेलने का मौका मिला।
मुंबई की टीम में दिग्गज विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मैक्सवेल को खेलने का मौका ही नहीं मिल पा रहा था।
टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन, लसित मलिंगा (श्रीलंका) और कीरोन पोलार्ड (वेस्टइंडीज) ऐसे दिग्गज विदेशी खिलाड़ी थे जिनके रहते टीम के अन्य विदेशी खिलाड़ियों को मौका नहीं मिल पा रहा था।
रिकी पोंटिंग ने अपनी खराब फर्म के कारण खुद को एकादश से बाहर कर रोहित शर्मा को कप्तानी सौंपी थी। तब पोटिंग की जगह वेस्टइंडीज को ड्वेन स्मिथ को एकादश में शामिल कर लिया गया था।
अब पोलार्ड के अनफिट होने के कारण मैक्सवेल को आखिरकार आईपीएल छह में पहला मैच खेलने का मौका मिल ही गया।