रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मुख्य प्रशिक्षक डेनियल विटोरी ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ क्रिस गेल को बाहर रखकर शेन वाटसन को उतारने के फैसले को सही ठहराया है। विटोरी ने कहा कि मुंबई के खिलाफ मैच के बाद हमने सोचा कि हमारे पास एक गेंदबाज कम है और वाटसन यह कमी पूरी कर सकते हैं।
वह गेंद और बल्ले दोनों से अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं। टी-20 में वह शानदार हरफनमौला हैं। उनकी इन्हीं खूबियों की वजह से हमने उन्हें यह मौका प्रदान किया। राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ वाटसन ने चार ओवरों में 44 रन दिए और वह बल्ले से केवल 14 रन का ही योगदान दे पाए थे।
विटोरी ने कहा कि डेथ ओवरों की खराब गेंदबाजी का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। हमने 18 ओवरों तक अच्छी गेंदबाजी की लेकिन अंतिम दो ओवरों में योजना के अनुसार गेंदबाजी नहीं कर सके और तीस रन लुटा दिए।