कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पी कश्यप के ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। घुटने की चोट के कारण वह इस महीने होने वाली मलयेशियन ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर और सिंगापुर ओपन से नाम वापस ले लिया है।
कश्यप अपने कॅरियर के खराब दौर से जूझ रहे हैं। उन्हें इन दोनों टूर्नामेंट से पहले चोट से उबरने की उम्मीद थी लेकिन अब यह मुमकिन नहीं है।
बकौल कश्यप, ‘इस पूरे महीने मैं कोई टूर्नामेंट नहीं खेल सकूंगा। चोट का इलाज सही से नहीं हुआ। डॉक्टर ने मुझे कहा था कि मैं दो हफ्ते में ठीक हो जाऊंगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसी भी टूर्नामेंट के लिए अब मुझे तीन हफ्ते आराम करना होगा, जिसके बाद ही तय करूंगा कि आगे क्या होगा। शायद मई या जून में खेल सकूं।’
इस बीच भारत के विनीत मैनुअल और एस संजीत मलयेशिया ओपन के क्वालीफायर में डेरेन इसाक और जिन वा तान से 15-21, 12-21 से हार गए। टॉप शटलर साइना नेहवाल, के श्रीकांत, पीवी सिंधू, एचएस प्रणय अपने अभियान की शुरुआत बुधवार को करेंगे।