टी20 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से निराश करने वाले भारत के विस्फोटक बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग का चैंपियंस लीग में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सुपर-8 मैच के दौरान उनके बाएं टखने में चोट लग गई थी।
गौरतलब है कि चैंपियंस लीग 9 अक्टूबर से शुरू हो रही है और सहवाग डेयरडेविल्स टीम के खिलाड़ी हैं। टखने की चोट के कारण डॉक्टरों ने उन्हें करीब 2 सप्ताह आराम की सलाह दी है। दिल्ली डेयरडेविल्स का पहला मैच 13 अक्टूबर को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ है। ऐसे में चैंपियंस लीग में सहवाग की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़ हो रहे हैं।
सहवाग ने टी20 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया था। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान 112 के स्ट्राइक रेट से अपनी तीन पारियों में सिर्फ 54 रन बनाए। सुपर-8 के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जीतने के बावजूद टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गई।