इंग्लैंड के खिलाफ अगले माह से शुरू होने वाली घरेलू टी-20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड टीम को करारा झटका लगा है। खबर है कि कीवी कप्तान केन विलियमसन चोटिल होकर पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए। अब तेज गेंदबाज टीम साउदी 1 नवंबर से शुरू हो रही पांच मैच की टी-20 सीरीज में टीम की कमान संभालेंगे।
केन विलियमसन की जगह तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को टीम में जगह दी गई है, जिन्होंने इस साल भारत के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शुक्रवार को जानकारी दी कि केन कूल्हे की समस्या से जूझ रहे थे, हम लंबे समय से उनकी चोट पर नजर बनाए हुए थे। यह वही इंजरी है, जिसकी वजह से कप्तान मार्च में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में भी भाग नहीं ले पाए थे।
टी-20 सीरीज के बाद इंग्लैंड-न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज भी खेलनी है।
बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ गत सितंबर में हुई टी-20 सीरीज में भी केन विलियमसन की जगह टीम साउदी ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम की पिछली भिड़ंत आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के फाइनल में हुई थी, जहां इंग्लैंड ने सुपरओवर टाई रहने के बाद अधिक बाउंड्री लगाने के आधार पर जीत दर्ज की थी।
न्यूजीलैंड की टी-20 टीम: टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डी ग्रैंडहोम, लॉकी फग्युर्सन, मार्टिन गप्टिल, स्कॉट, डैरिल मिचेल, कॉलिन मुनरो, जिमी नीशाम, मिचेल सैंटनर, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, रॉस टेलर, ब्लेयर टिकनर