टीम इंडिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में बराबरी पर चल रहे वेस्टइंडीज टीम के लिए अच्छी खबर नहीं है। कैरेबियाई टीम के एक शीर्ष बल्लेबाज को चोट के कारण दौरा ही बीच में छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा है।
विंडीज टीम का प्रदर्शन इस सीरीज में बेहद शानदार रहा है, लेकिन उसके स्टार खिलाड़ियों का चोटिल होने का सिलसिला जारी है। विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल को चोटिल होने के कारण टीम में शामिल ही नहीं किया गया था। इसके बाद 'रहस्यमयी' गेंदबाज सुनील नारायन को उनकी संदिग्ध गेंदबाजी शैली के कारण भारत में हुए चैंपियंस लीग टी-20 के फाइनल से पहले टूर्नामेंट में भाग लेने पर बैन लगा दिया गया, जिस कारण टीम प्रबंधन ने उन्हें आनन-फानन में टीम से बाहर कर स्वदेश भेज दिया।
अब जब कैरेबियाई टीम बेहतर खेल दिखा रही है तो उसे लिडंल सिमंस का साथ छोड़ना पड़ रहा है। सिमंस पीठ की दर्द के कारण शेष दौरे से बाहर हो गए हैं।