भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वन-डे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। टी-20 सीरीज जीतने के बाद जहां विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम का उत्साह सातवें आसमां पर है तो दूसरी ओर कैरेबियाई टीम 50 ओवर के इस फॉर्मेट में मजबूत समझी जा रही मेजबान टीम को पटखनी देने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। आइए एक नजर डालते हैं कब, कहां और कैसे देखें इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग
चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस मैच में टीम इंडिया की नजरें कैरेबियाई टीम के खिलाफ लगातार 10वीं बाईलैटरल वनडे सीरीज जीतने पर टिकी होंगी।
भारतीय समयानुसार यह मैच दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। 1:30 बजे टॉस होगा। कप्तान विराट कोहली के लिए हालांकि प्लेइंग इलेवन का चयन करना थोड़ा मुश्किल होगा। यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि मेजबान टीम चेन्नई की धीमी पिच को देखते हुए कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल में से किसे प्लेइंग इलेवन में मौका देती है।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच धीमी है और पिछले सात वनडे मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने छह बार यहां मैच जीते हैं। ऐसे में कोहली टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतर सकते हैं। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 1/ स्टार स्पोर्ट्स 1 HD पर होगा। हिंदी कमेंट्री के लिए स्टार स्पोर्ट्स 3/ स्टार स्पोर्ट्स 3 HD पर होगा।
2014 के बाद से पिछले 16 द्विपक्षीय सीरीज में से एक भी सीरीज नहीं जीतने वाली वेस्टइंडीज ने अपनी पिछली वनडे सीरीज में अफगानिस्तान पर 3-0 से क्लीन स्वीप की है और इससे मेहमान टीम का मनोबल बढ़ा हुआ है। टीवी के अलावा इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग हॉटस्टार पर भी होगी। पल-पल की जानकारी और लाइव कमेंट्री के लिए आप amarujala.com पर भी क्लिक कर सकते हैं।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चाहर, मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर
वेस्टइंडीज: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), फेबियन एलन, शेल्डन कॉटरेल, शिमरोन हेटमेयर, जेसन होल्डर, ब्रेंडन किंग, इविन लुईस, कीमो पॉल, निकोलस पूरन, खैरी पीयरे, दिनेश रामदीन, शेरफाने रदरफोर्ड, लेंडल सिमंस, हेडन वॉल्श जूनियर, केसरिक विलियम्स