भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के शुरू होने में अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी हैं। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले सीरीज के पहले मुकाबले के लिए दोनों टीमें भी यहां पहुंच गई हैं और छह दिन के क्वारंटीन में हैं। उधर सोमवार को मेहमान टीम इंग्लैंड के सभी खिलाड़ियों के तीनों कोरोना टेस्ट नेगेटिव आए हैं। इसका मतलब यह है कि अब मेहमान टीम के लिए पहले टेस्ट के लिए तीन दिन के प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने का रास्ता खुल गया है।
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स, तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और रोरी बर्न्स भारत में पहले पहुंचने की वजह से अपना क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं और अभ्यास भी शुरू कर दिया। ये तीनों ही खिलाड़ी श्रीलंका दौरे पर नहीं गए थे, इसलिए भारत में बाकी खिलाड़ियों से पहले ही पहुंच गए।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया, 'कल के पीसीआर टेस्ट में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव हैं। इंग्लैंड टीम क्वारंटीन से बाहर है और कल दोपहर 2-5 बजे तक स्टेडियम में एक टीम में रूप में पहली बार अभ्यास करेगी।'
बता दें कि इंग्लैंड की टीम श्रीलंका में 2-0 से टेस्ट सीरीज जीतने के बाद बुधवार को चेन्नई पहुंची थी। लेकिन अब उसके सामने विराट कोहली की अगुवाई वाली एक मजबूत भारतीय टीम है जो हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से टेस्ट सीरीज जीतकर लौटी है।