भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोरोना काल में पहली बार देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए बीसीसीआई कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही कारण है कि बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारी इंग्लैंड के खिलाफ चेपॉक और मोटेरा स्टेडियम में होने वाले टेस्ट मैचों में स्टेडियम की कुल क्षमता का 50 प्रतिशत दर्शकों को प्रवेश की अनुमति देने पर सोच रहे हैं।
बता दें कि पहले दो टेस्ट चेन्नई में होंगे जबकि बाकी दो टेस्ट मैच अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम पर खेले जाएंगे। चेन्नई और अहमदाबाद में दो अलग अलग बायो बबल बनाए जाएंगे और टीमें चार्टर्ड फ्लाइट से यात्रा करेंगी।
बोर्ड के एक सीनियर सूत्र ने कहा, ‘फिलहाल हम टेस्ट मैचों के लिए 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति दे सकते हैं। बीसीसीआई दोनों प्रदेश संघों और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात कर रहा है।’ बीसीसीआई कोरोना मामलों पर भी नजर रखे हुए है और चेन्नई या अहमदाबाद में मामले बढने पर फैसला बदला भी जा सकता है। सूत्र ने कहा, ‘अगर जरूरी सावधानियों के साथ 50 प्रतिशत दर्शकों को अनुमति दी जाती है जो यह संकेत होगा कि आईपीएल के दौरान दर्शकों को प्रवेश दिया जा सकता है।’
इस बीच इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड पहले दो टेस्ट के लिए टीम का चयन गुरूवार को करेगा। पहली बार खिलाड़ियों के कार्यभार को ध्यान में रखकर पूरी श्रृंखला के लिए टीम का ऐलान नहीं किया गया है।