जसप्रीत बुमराह और कार्तिक त्यागी
- फोटो : twitter@bcci
ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले यूएई में खेले गए आईपीएल से टीम इंडिया को बड़ा लाभ हुआ है। टीम को बायो बबल में खेलने का अनुभव तो हुआ ही, साथ में अभ्यास करने के साथ ही उभरते हुए खिलाड़ियों से रूबरू होने का मौका भी मिला। यही कारण है कि आईपीएल 2020 में अपनी-अपनी टीमों के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले चार युवा गेंदबाजों को बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अतिरिक्त खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया।
टीम इंडिया को जहां प्रैक्टिस में इनकी शानदार गेंदबाजी से फायदा होगा वहीं इन गेंदबाजों को भी अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और अनुभव लेने का मौका मिलेगा। इसका एक उदाहरण बुधवार को देखने को मिला जब जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी के गुर सीखते कार्तिक त्यागी की तस्वीरें बीसीसीआई ने शेयर की।
बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल से कार्तिक और बुमराह की तीन अलग-अलग तस्वीरें शेयर कर लिखा, 'जब आपके पास आपकी यात्रा में मार्गदर्शन करने के लिए सबसे अच्छा गाइड हो'।
बता दें कि कार्तिक त्यागी, कमलेश नगरकोटी, ईशान पोरेल और टी नटराजन को बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए अतिरिक्त गेंदबाज के तौर पर चुना है। इनमें 20 वर्षीय त्यागी ने जहां राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार गेंदबाजी की थी, वहीं नगरकोटी ने कोलकाता और नटराजन ने हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए अपनी छाप छोड़ी थी।
वहीं बात करें बुमराह की तो वे ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मोहम्मद शमी के साथ टीम के प्रमुख गेंदबाज हैं और उन्होंने भी आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए खूब विकेट चटकाए थे।