इंग्लैंड में इस समय भारत की 2 क्रिकेट टीमें टेस्ट मैच खेल रही थी। एक में जहां भारत संघर्ष कर रहा है तो वहीं दूसरे मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड पर 6 विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए टेस्ट सीरीज पर कब्जा भी जमा लिया।
ओवल में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के पहले दिन बल्लेबाजों की नाकामी के बाद संघर्ष कर रही है। धोनी की टीम को टेस्ट सीरीज बचाने के लिए यह मैच हार हाल में जीतना है जो फिलहाल मुश्किल लग रहा है।
तो वोम्सर्ले में दूसरी टीम इंडिया ने इंग्लैंड से टेस्ट मैच जीत कर इतिहास रच दिया। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया। भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड की धरती पर 8 साल बाद पहला टेस्ट मैच खेला और शानदार जीत के साथ वापसी का जश्न मनाया।
भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड में मचाई धूम
इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के अंतिम दिन भारतीय महिला टीम को जीत के लिए 37 रन और बनाने थे जबकि उसके पास 6 विकेट शेष थे, लेकिन कल की नाबाद बल्लेबाज कप्तान मिताली राज (नाबाद 50) और शिखा पांडे (नाबाद 28) ने आज कोई झटका नहीं लगने दिया और लंच से पहले ही टीम को मैच में जीत दिला दी। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 68 रनों की अविजित साझेदारी की।
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों के कमाल के आगे इंग्लैंड की दूसरी पारी तीसरे दिन महज 202 रन बनाकर आउट हो गई। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड की पहली पारी 92 रनों पर समेट दी थी, फिर टीम इंडिया ने 114 रन बनाकर 20 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी 84 रन पर 6 विकेट झटक लिए थे। लेकिन इसके बाद जेनी गन की नाबाद 62 रनों ने टीम को संभाल लिया और स्कोर दो सौ के पार पहुंच गया। इससे भारत को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य मिला।
स्मृति ने जमाई फिफ्टी, मिताली पर आस
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया को कामिनी और स्मृति मंदाना (फोटो) ने पहले विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन कामिनी 28 रन बनाकर आउट हो गई। जबकि दूसरे छोर पर टिकी स्मृति मंदाना ने 51 रन बनाए।
पूनम रावत ने 16 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत कौर अपना खाता भी नहीं खोल सकी। 4 दिवसीय टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने 4 विकेट पर 119 रन बना लिए थे।
मैच के अंतिम और चौथे दिन भारत को 60 रन और बनाने थे, लेकिन कप्तान मिताली राज और शिखा पांडे ने आराम से खेलते हुए टीम को शानदार जीत दिला दी। दूसरी पारी में मंदाना के अलावा कप्तान मिताली ने भी अर्धशतक लगाया।
नवोदित क्रिकेटरों ने पहले ही मैच में दिखाया कमाल
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए इस एकमात्र टेस्ट मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल 10 खिलाड़ियों ने अपने टेस्ट करियर का आगाज किया। मेजबान इंग्लैंड की ओर से 2 जबकि भारत की ओर से 8 महिला खिलाड़ियों के लिए यह मैच उनके करियर का पहला टेस्ट मैच बना।
इस चार दिवसीय महिला टेस्ट मैच का पहला दिन गेंदबाजों के लिए बेहद शानदार साबित हुआ, क्योंकि इस दिन कुल 16 विकेट गिरे।
इंग्लैंड की पहली पारी में भारत की ओर से पहला टेस्ट मैच खेल रही नीलांजना नागार्जन ने 19 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने भारत को 4 सफलता दिलाई।
मेजबान इंग्लैंड की ओर से जेनी गन दोनों पारियों में नाबाद रहीं। पहली पारी में वह 7 रन बना पाई थी जबकि दूसरे पारी में 62 रन बनाकर अविजित रहीं। साथ उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल किया और भारत की पहली पारी में 5 विकेट निकाले।
अपने पहले मैच में ही ओपनर स्मृति मंदाना ने शानदार पारी खेली। पहली पारी में 22 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में उन्होंने शानदार 51 रन बनाए। साथ ही शिखा पांडे और शुभलक्ष्मी शर्मा ने भी अपने पहले टेस्ट मैच में कमाल का प्रदर्शन किया।