भारतीय महिला क्रिकेट टीम की एकदिवसीय कप्तान मिताली राज ने आज इतिहास रच दिया। अब मिताली 10 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली दुनिया की दूसरी और भारत की एकमात्र महिला क्रिकेटर बन गईं। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी तीसरे वन-डे के दौरान उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया।
पहले वनडे में मिताली ने खेली थी 50 रनों की पारी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैच की वन-डे सीरीज की शुरुआत से पहले मिताली को दस हजार रन पूरे करने के लिए 85 रन की जरूरत थी। पहले वनडे में उन्होंने 50 रन बनाए थे। दूसरे मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका ही नहीं मिला अब तीसरे वन-डे में 50 गेंद में 36 रन बनाकर वह आउट हुईं। यानी 10 हजार एक रन बनते ही उनकी पारी का भी अंत हो गया।
चार्लोट एडवर्ड्स के नाम सबसे ज्यादा रन
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स के नाम हैं, जिन्होंने 10,273 रन बनाए। 2016 में अपने 20 साल लंबे करियर पर पूर्ण विराम लगाने वाली इस पूर्व महिला क्रिकेटर ने 191 वन-डे में 5,992, 23 टेस्ट में 1,676 रन और 95 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन बनाए हैं।