आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ आईसीसी द्वारा महिला क्रिकेटर्स की रैंकिंग भी जारी की गई। जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान ब्रिस्टल में एक टेस्ट मैच खेलने के अलावा तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
टेस्ट मैच ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड में 16-19 जून तक खेला जाएगा और इसके साथ इंग्लैंड की टीम के गर्मियों के सत्र की शुरुआत होगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने इसी साल महिला टीम के टेस्ट मैच की पुष्टि की थी लेकिन मेजबान बोर्ड ने इसकी तारीख और स्थल की घोषणा मंगलवार को की।
भारतीय महिला टीम 2014 के बाद पहली टेस्ट क्रिकेट खेलेगी जबकि इंग्लैंड ने पिछला टेस्ट 2019 में एशेज श्रृंखला के दौरान खेला था। एकमात्र टेस्ट के बाद तीन एकदिवसीय और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। दौरे का अंत 15 जुलाई को चेम्सफोर्ड में होगा। भारत के खिलाफ श्रृंखलाओं के बाद द हंड्रेड टूर्नामेंट खेला जाएगा जिसके बाद इंग्लैंड की महिला टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ सितंबर में तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और पांच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
भारत के इंग्लैंड दौरे का कार्यक्रम:
- 16 से 19 जून: टेस्ट मैच, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड
- 27 जून: पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय, ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड
- 30 जून: दूसरा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय, द कूपर एसोसिएट्स काउंटी ग्राउंड, टॉन्टन
- तीन जुलाई: तीसरा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय, न्यू रोड, वॉरसेस्टर
- नौ जुलाई: पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय, द काउंटी ग्राउंड, नार्थम्पटन
- 11 जुलाई: दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय, द फर्स्ट सेंट्रल काउंटी ग्राउंड, होव
- 15 जुलाई: तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय, द क्लाउडएफएम काउंटी ग्राउंड, चेम्सफोर्ड।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैग लैनिंग एक स्थान की छलांग के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंच गईं हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन ने उन्हें टॉप-5 में एंट्री दिलाई। इंग्लैंड की टैमी पहले पायदान पर हैं तो तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हिली का नाम है, जो अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 756 रेटिंग पॉइंट्स रखती हैं।